Advertisement

महाराष्ट्र में प्रोटेम स्पीकर बदले जाने के खिलाफ BJP जा सकती है सुप्रीम कोर्ट: चंद्रकांत पाटिल

भाजपा की ओर से महाराष्‍ट्र की नई सरकार पर नियमों को तोड़ने व उल्‍लंघन करने का आरोप लगाया गया है।...
महाराष्ट्र में प्रोटेम स्पीकर बदले जाने के खिलाफ BJP जा सकती है सुप्रीम कोर्ट: चंद्रकांत पाटिल

भाजपा की ओर से महाराष्‍ट्र की नई सरकार पर नियमों को तोड़ने व उल्‍लंघन करने का आरोप लगाया गया है। दरअसल, राज्‍य की नई सरकार ने प्रोटेम स्‍पीकर के तौर पर कालीदास कोलंबकर की जगह दिलीप वालसे पाटिल को नियुक्‍त किया है। अब बीजेपी प्रोटेम स्पीकर बदले जाने पर सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रही है। भाजपा ने कहा है कि कालिदास कोलंबकर को हटाकर दिलीप वाल्से पाटिल को प्रोटेम स्पीकर बनाना कानूनी तौर पर वैध नहीं है इसके साथ ही शपग्रहण भी नियमों के खिलाफ हो रहा है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, प्रोटेम स्‍पीकर को बदलने को अवैध बताते हुए महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने शनिवार को महाविकास अघाड़ी की निंदा की। भाजपा के चंद्रकांत पाटिल ने कहा, ‘महाविकास अघाड़ी ने कालीदास कोलंबकर को बदलकर दिलीप वालसे पाटिल को प्रोटेम स्‍पीकर के तौर पर नियुक्‍त किया है। यह कानूनी तौर पर गलत है। साथ ही उन्‍होंने नियमों के अनुसार शपथ भी नहीं लिया था। नई सरकार सारे नियमों का उल्‍लंघन कर रही है। हम गर्वनर के पास याचिका दायर कर रहे हैं और इसके लिए सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे।‘

शिवसेना के उद्धव ठाकरे के महाराष्ट्र् के मुख्य मंत्री पद की शपथ लेने के बाद अब उप मुख्यपमंत्री और असेंबली स्पीेकर के पद के लिए विचार-विमर्श जारी है।

फडणवीस भी साध चुके हैं निशाना

बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस भी कांग्रेस-एनसीपी और शिवसेना गठबंधन पर निशाना साध चुके हैं। देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर कहा कि पहली कैबिनेट में सरकार ने किसानों की राहत पर चर्चा नहीं की बल्कि बहुमत को लेकर चर्चा की। यदि बहुमत नहीं है तो फिर ऐसा क्यों किया जा रहा है। प्रोटेम स्पीकर को बदलने पर क्यों विचार हो रहा है। महाराष्ट्र को जवाब चाहिए।

दिलीप वलसे पाटिल नियुक्त किए गए महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष

एनसीपी के वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल को शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा का अस्थायी (प्रोटेम) अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वह बीजेपी के कालिदास कोलंबकर की जगह लेंगे जिन्हें विधायकों को शपथ दिलाने के दौरान पूर्व में अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। पाटिल पूर्व में भी विधानसभा के अध्यक्ष रहे हैं। आज उद्धव ठाकरे को विधानसभा में बहुमत साबित करना है।

बुलाया गया है महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र

महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। उद्धव सरकार का आज फ्लोर टेस्ट होना है। यह फ्लोर टेस्‍ट प्रोटेम स्‍पीकर दिलीप वालसे पाटिल की अगुवाई में होगा। वहीं, रविवार को स्थायी स्पीकर का चुनाव किया जाएगा। साथ ही विपक्ष के नेता का भी चुनाव होगा। बता दें कि उन्‍होंने असेंबली स्‍पीकर के तौर पर भाजपा के किसन कथोरे को उम्‍मीदवार बताया है। वहीं कांग्रेस की ओर से स्‍पीकर के लिए उम्‍मीदवार के तौर पर नाना पटोले का नाम पेश किया गया है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad