Advertisement

हरियाणा के सोनीपत में हुड्डा ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, कांग्रेस के सामने चुनौती

हरियाणा के सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार की घोषणा के बाद अब जातिगत समीकरणों के हिसाब से...
हरियाणा के सोनीपत में हुड्डा ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, कांग्रेस के सामने चुनौती

हरियाणा के सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार की घोषणा के बाद अब जातिगत समीकरणों के हिसाब से प्रत्याशी तय करना कांग्रेस, जजपा व इनेलो के लिए सिरदर्द बना हुआ है। यह लगभग तय है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा व लोसुपा प्रमुख राजकुमार सैनी के इनकार के बाद सोनीपत सीट पर गहमागहमी कम रहेगी। भूपेंद्र हुड्डा कह चुके हैं कि सोनीपत से चुनाव लड़ने की उनकी कोई इच्छा नहीं है। वहीं, राजकुमार सैनी ने पहले ऐलान किया था कि यदि भूपेंद्र हुड्डा सोनीपत से मैदान में उतरते हैं वे चुनाव लड़ेंगे लेकिन इसके 4 दिन बाद ही सैनी ने कहीं से भी चुनाव लड़ने से साफ इंकार कर दिया था। इसके अलावा कांग्रेस जहां हुड्डा के बाद दूसरे हैवीवेट प्रत्याशी की तलाश में है तो वहीं, जजपा यहां से स्टार खिलाड़ी गीता फौगाट को टिकट थमा सकती है। वहीं, इनेलो जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र छिक्कारा को मैदान में उतार सकती है। 1991 से अब तक के रिकॉर्ड के आधार पर कहा जा सकता है कि सोनीपत में मुकाबला कांग्रेस व भाजपा के बीच ही रहा है। 1991 में कांग्रेस के धर्मपाल मलिक सांसद चुने गए थे। इसके बाद 1996 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने सभी को चौंकाते हुए जीत दर्ज की थी।

क्या है सीट का इतिहास

1998, 99 और फिर 2004 में लगातार तीन बार भाजपा के किशन सांगवान सांसद रहे। बाद में 2009 के चुनाव तक तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का प्रभाव काफी बढ़ चुका था और ओल्ड रोहतक (रोहतक, सोनीपत व झज्जर) को उनका गढ़ माना जाने लगा। हुड्डा जिस जितेंद्र मलिक को 2009 लोकसभा का टिकट दिलवाया वह काफी बड़े अंतर से विजयी रहे। 2014 में हालांकि फिर से भाजपा ने जीत दर्ज की और रमेश कौशिक सांसद बने। ऐसे में यह माना जा रहा है कि सोनीपत सीट पर मुकाबला कांग्रेस व भाजपा में ही रहेगा, लेकिन ज्यादा निर्भर इस बात पर भी करेगा कि इस बार जजपा सोनीपत से किस उम्मीदवार को टिकट थमाती है।

माना जा रहा है कि जजपा प्रमुख दुष्यंत चौटाला इस बार सोनीपत में कुश्ती स्टार गीता फौगाट को मैदान में उतार सकते हैं। इसके अलावा डा. के.सी. बांगड़ व पदम दहिया भी कतार में हैं। वहीं, दिल्ली में कांग्रेस कोऑर्डिनेशन कमेटी व चुनाव समिति की बैठकों के बाद हरियाणा की ज्यादातर सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए गए हैं। माना जा रहा है कि रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा, भिवानी से श्रुति चौधरी, अम्बाला से कुमारी शैलजा, सिरसा से डा. अशोक तंवर, कुरूक्षेत्र से नवीन जिंदल के नाम आज घोषित किए जा सकते हैं। इसके अलावा हिसार, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद व करनाल से प्रत्याशियों की घोषणा में फिलहाल एक-दो दिन का समय लग सकता है।

सोनीपत में जाटों की संख्या सबसे ज्यादा

सोनीपत लोकसभा सीट पर ताजा रिपोर्ट के अनुसार 15 लाख 27 हजार के करीब मतदाता हैं। इनमें लगभग 5 लाख 20 हजार जाट वोटर हैं। इसी तरह ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या एक लाख 90 हजार के करीब है। एक लाख 40 हजार रविदास बिरादरी के वोटर हैं और करीब 60 हजार बाल्मीकि समुदाय से मतदाता हैं। पंजाबियों के वोट लगभग 1 लाख 10 हजार हैं, तो करीब 80 हजार बनिया बिरादरी से वोटर हैं। सैनी समाज की के मतदाताओं की संख्या 60 हजार से ज्यादा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad