Advertisement

असम में भाजपा को झटका, तेजपुर के नाराज सांसद ने किया पार्टी छोड़ने का ऐलान

लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही राजनैतिक दलों में हलचल भी शुरू हो चुकी है। चुनाव से ऐन पहले तमाम...
असम में भाजपा को झटका, तेजपुर के नाराज सांसद ने किया पार्टी छोड़ने का ऐलान

लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही राजनैतिक दलों में हलचल भी शुरू हो चुकी है। चुनाव से ऐन पहले तमाम पार्टियों में नेताओं के नाराजगी का दौर भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में असम में तेजपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद राम प्रसाद सरमाह ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। असम के वित्त मंत्री और पार्टी के कदावर नेता हेमंत बिस्व सरमा को भाजपा ने तेजपुर से टिकट देने की योजना बनाई है। ऐसे में टिकट कटने की वजह से राम प्रसाद सरमाह नाराज बताए जा रहे हैं।

राम प्रसाद सरमाह ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, 'मैं आज बीजेपी छोड़ रहा हूं लेकिन मैं असम के उन पुराने बीजेपी कार्यकर्ताओं के लिए वास्तव में दुखी हूं जो पार्टी में नए घुसपैठियों की वजह से सबसे ज्यादा उपेक्षित हैं। मैंने इन कार्यकर्ताओं की बात को जोरदार तरीके से उठाया लेकिन उनकी आवाज उठाने वाला अब कोई नहीं है।' इस दौरान सरमाह ने पार्टी में शामिल किए गए हेमंत बिस्व सरमा जैसे लोगों पर निशाना साधते हुए कहा, 'ये पार्टी के पुराने कार्यकर्ता ही हैं जिन्होंने दशकों तक बीजेपी को बिना किसी अन्य समर्थन के सत्ता में रखा। लेकिन उनमें से ज्यादातर को दरकिनार कर दिया गया है और उनके साथ बहुत बुरा बर्ताव किया जा रहा है।'

2014 में तेजपुर सीट पर खिला था कमल

बता दें कि असम की तेजपुर सीट पर कांग्रेस का अच्छा खासा प्रभाव था, लेकिन 2014 के चुनाव में पहली बार इस सीट पर कमल खिला और बीजेपी प्रत्याशी राम प्रसाद सरमाह ने 86 हजार 20 मतों से जीत हासिल की थी। उन्हें कुल चार लाख 46 हजार 511 मत मिले थे। दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी भूपेन कुमार बोरा को 3 लाख 60 हजार 491 वोट मिले थे। 16667 लोगों ने यहां नोटा का बटन दबाया था।

राम प्रसाद पर्यावरण और वन्य जीव संरक्षण के काम में विशेष रुचि रखते हैं

63 वर्षीय सांसद राम प्रसाद सरमाह ने बीए और एलएलबी की है। पेशे से वकील राम प्रसाद पर्यावरण और वन्य जीव संरक्षण के काम में विशेष रुचि रखते हैं। सरमाह की संसद में उपस्थिति 78.19 फीसदी रही। उन्होंने संसद में कुल 126 सवाल किए, जबकि 50 बहसों में इन्होंने हिस्सा लिया। अब तक इन्होंने अपनी सांसद निधि का 61.8 फीसदी यानी 15 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च किया है। तेजपुर से सांसद राम प्रसाद की चल संपत्ति 49 लाख 55 हजार 300 रुपये है, वहीं अचल संपत्ति 17 लाख रुपये की है।

भाजपा को 24 घंटे के अंदर लगा तीसरा झटका

भाजपा को 24 घंटे के अंदर तीन बड़े झटके लगे हैं। असम के तेजपुर से सांसद रामप्रसाद सरमाह ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। इससे पहले बीजेपी के राजस्थान के दिग्गज नेता देवी सिंह भाटी ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बीकानेर से मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को टिकट नहीं देने की मांग को लेकर इस्तीफा दिया है।

दूसरी ओर गुजरात बीजेपी की महिला नेता रेशमा पटेल ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि वे बीजेपी से अलग होने के बाद भी क्षेत्र की जनता के लिए अंतिम समय तक काम करते रहेंगे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad