Advertisement

आंध्र प्रदेश में नया राजनीतिक प्रयोग, जगन बनाएंगे 5 डिप्टी सीएम

आंध्र प्रदेश में नवनिर्वाचित वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की सरकार नया राजनीतिक प्रयोग करने जा रही है।...
आंध्र प्रदेश में नया राजनीतिक प्रयोग, जगन बनाएंगे 5 डिप्टी सीएम

आंध्र प्रदेश में नवनिर्वाचित वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की सरकार नया राजनीतिक प्रयोग करने जा रही है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी की इस सरकार में पांच उप-मुख्‍यमंत्री बनाए जा सकते हैं। वाइएसआरसीपी के एमएलए मोहम्‍मद मुस्‍तफा शेख ने इस खबर की जानकारी दी है। 

देश में ऐसा पहली बार होगा कि किसी कैबिनेट में पांच उप मुख्यमंत्री होंगे। राज्‍य कैबिनेट में बनाए जाने वाले इन पांच उप-मुख्यमंत्रियों में से दो पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के लिए भी काम कर चुके हैं, जो पिछड़ी जाति और कापू समुदाय से हैं।  

25 सदस्यीय कैबिनेट को शनिवार को दिलाई जाएगी शपथ 

शुक्रवार को तडेपल्ली में सीएम कैंप कार्यालय में आयोजित सत्र में सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने भाग लिया। विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए जगन ने कहा कि वह लोगों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए नए मंत्री का चुनाव करेंगे। उन्होंने कहा कि 25 सदस्यीय कैबिनेट को शनिवार को शपथ दिलाई जाएगी।

अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्‍व भी करेंगे ये उप-मुख्‍यमंत्री

मुस्‍तफा शेख ने विस्‍तार से जानकारी देते हुए बताया कि ये पांचों उपमुख्‍यमंत्री पांच विभिन्‍न समुदायों से आएंगे। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्‍पसंख्‍यक और कापु समुदाय का प्रतिनिधित्‍व होगा। इसी के साथ ही ये उपमुख्‍यमंत्री राज्य के 5 अलग-अलग क्षेत्रों यानी रायलसीमा, प्रकाशम, कृष्णा डेल्टा, गोदावरी, वाइजाग का प्रतिनिधित्‍व भी करेंगे।

मध्यावधि समीक्षा के बाद ढाई साल बाद मंत्रिमंडल का पुनर्गठन

मुख्यमंत्री ने सुबह अपने निवास पर वाईएसआर कांग्रेस विधायक दल की बैठक की, जहां उन्होंने पांच उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति के निर्णय की घोषणा की। उन्होंने अपने विधायकों को यह भी बताया कि मंत्रिमंडल मुख्य रूप से कमजोर वर्गों के सदस्यों को शामिल करेगा। सीएम ने ये भी साफ कर दिया कि सरकार के प्रदर्शन की मध्यावधि समीक्षा के बाद ढाई साल बाद मंत्रिमंडल का पुनर्गठन किया जाएगा।

शानदार जीत के साथ मिली सत्‍ता

लोकसभा चुनावों के साथ हुए आंध्रप्रदेश विधानसभा चुनावों में जगनमोहन रेड्डी की पार्टी ने 175 में 151 सीटों पर शानदार जीत हासिल की जबकि एन चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी को मात्र 23 सीटों पर जीत मिली थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad