Advertisement

भाजपा नेता ने कहा, पार्टी से इस्तीफा दें यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा

काफी समय से सार्वजनिक तौर पर पार्टी नीतियों की आलोचना कर रहे यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा से...
भाजपा नेता ने कहा, पार्टी से इस्तीफा दें यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा

काफी समय से सार्वजनिक तौर पर पार्टी नीतियों की आलोचना कर रहे यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा से इस्तीफे की मांग भाजपा के एक नेता ने की है। तेलंगाना भाजपा के प्रवक्ता कृष्‍णा सागर राव ने बुधवार को कहा कि दोनों नेता काफी पहले ही पार्टी की अनुशासनात्मक ‘‘लक्ष्मण रेखा’’ पार कर चुके हैं और उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। राव के अनुसार सरकार में हिस्सेदारी नहीं मिलने के कारण यशवंत सिन्हा वित्त मंत्री अरुण जेटली को निशाना बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा यशवंत सिन्हा के गुस्से को ‘‘एक ऐसे व्यक्ति के असंतुष्ट होने  के तौर पर देखती है जो सरकार में कोई हिस्सा चाहता है और उसे वह नहीं दिया गया। सिर्फ इस नाराजगी के कारण कि उनके नाम पर प्रशासनिक या मंत्री पद के लिए विचार नहीं किया जा रहा, वह वित्त मंत्री पर हमले कर रहे हैं।’’ राव ने कहा, ‘‘जब भी भाजपा चुनाव में उतरती है यशवंत सिन्हा अाैर शत्रुघ्न सिन्हा ऐसी टिप्पणियां करते हैं। यह बिहार, उत्तरप्रदेश चुनाव के दौरान हुआ और अब यह हिमाचल प्रदेश तथा गुजरात चुनाव के दौरान भी हो रहा है। यह दिखाता है कि वे एक साजिश में दुर्भाग्यपूर्ण रूप से फंस गए हैं। भाजपा का मानना है कि कोई और उनका इस्तेमाल कर रहा है।’’ 

राव ने कहा कि अगर दोनों नेता परेशान हैं और सरकार चलाने के तरीके से नाराज हैं तो उन्हें पार्टी मंचों पर इस मुद्दे को उठाना चाहिए। पार्टी उन्हें ऐसा करने के कई मौके देती है। लेकिन वे ऐसा नहीं करते। केवल मीडिया का इस्तेमाल कर अपने नेताओं पर हमला करते हैं। इससे ऐसा लगता है कि दोनों ‘‘विशेष हित वाली ताकतों’ के हाथों की कठपुतली बन गए हैं।’’ 

उन्होंने कहा कि दोनों बहुत वरिष्ठ नेता हैं। अगर पार्टी को उनके खिलाफ कदम उठाना है तो बड़े स्तर पर इस पर चर्चा की जाएगी और फैसला बिना सोचे नहीं लिया जा सकता। भाजपा इस पर विचार करेगी। राव ने कहा, ‘‘आदर्श स्थिति यह है कि वे पार्टी से इस्तीफा दे दें। अगर उन्हें शासन में इतनी समस्याएं है और उन्हें पार्टी के भीतर अपनी बात रखने का मौका नहीं मिल रहा तो उन्हें कदम उठाना चाहिए।’’

जेटली को गुजरात पर बोझ बताते हुए यशवंत सिन्हा ने बीते ‌द‌िनाें कहा था कि जीएसटी से हुई परेशानी के लिए जनता उनसे इस्तीफा मांग सकती है। जेटली गुजरात से राज्यसभा सदस्य हैं। अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने हाल ही में कहा था कि यदि भाजपा ‘‘वन-मैन शो और टू-मैन आर्मी’’ से बचती है तो ही वह लोगों की उम्मीदों पर खरी उतर पाएगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad