Advertisement

कर्नाटक में सरकार गठन की कवायद में जुटी भाजपा, आज होगी विधायक दल की बैठक

कर्नाटक में कुमारस्वामी सरकार के विश्वासमत हारने के बाद अब भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है।...
कर्नाटक में सरकार गठन की कवायद में जुटी भाजपा, आज होगी विधायक दल की बैठक

कर्नाटक में कुमारस्वामी सरकार के विश्वासमत हारने के बाद अब भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा 2 केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक होगी। बैठक के बाद राज्यपाल से मिलकर भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश करेगी और येदियुरप्पा गुरुवार को शपथ ग्रहण कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को सिर्फ येदियुरप्पा ही सीएम की शपथ लेंगे, बाकी मंत्रियों का शपथ ग्रहण बाद में होगा।

गौरतलब है कि कर्नाटक में कांग्रेस-जद(एस) की सरकार मंगलवार को विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने में नाकाम रही और सरकार गिर गई। इसी के साथ राज्य में लगभग तीन हफ्ते से चल रहे राजनीतिक ड्रामे का अंत हो गया। कुमारस्वामी ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल ने नई व्यवस्था बनने तक उन्हें पद पर बने रहने को कहा है। मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी द्वारा पेश किये गये विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 99 जबकि उसके खिलाफ 105 वोट पड़े।

शाह ने कर्नाटक को लेकर पार्टी नेताओं से किया मशविरा

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इन संकेतों के बीच पार्टी नेताओं के साथ सलाह मशविरा किया कि कर्नाटक में एच डी कुमारस्वामी नीत गठबंधन सरकार के मंगलवार को गिरने के बाद बी एस येदियुरप्पा मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा की पसंद हो सकते हैं। राज्य में शीर्ष पद के लिए भाजपा की पसंद के बारे में पूछे जाने पर पार्टी के एक नेता ने कहा कि येदियुरप्पा ‘‘जाहिर तौर पर’’ दावेदार हैं लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह सहित पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस बारे में निर्णय करेगा। उल्लेखनीय है कि येदियुरप्पा को ऐसे व्यक्ति के तौर पर देखा जा रहा है जिन्होंने राज्य में कांग्रेस..जदएस सरकार को सत्ता से हटाने के अभियान का नेतृत्व किया।

भाजपा नेताओं ने क्या कहा?

कर्नाटक से आने वाले एवं संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि येदियुरप्पा इस पद के लिए स्वाभाविक पसंद हैं लेकिन अंतिम निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी अगली सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। कुमारस्वामी सरकार के गिरने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, ‘‘आखिर में सच्चाई की जीत हुई और कर्नाटक को लोकप्रिय भाजपा सरकार मिलेगी। सत्ता की भूखी कांग्रेस और जदएस ने सभी अलोकतांत्रिक तरीकों से सत्ता में बने रहने का अपना पूरा प्रयास किया।’’ इससे पहले कर्नाटक में कांग्रेस-जदएस सरकार के विश्वासमत हासिल नहीं कर पाने पर भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिंह राव ने कहा कि ‘‘भ्रष्ट, अवैध’’ गठबंधन सरकार का जाना राज्य के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है।

येदियुरप्पा के शपथ लेने के बाद मुम्बई से लौटेंगे विधायक

भाजपा नेता बी एस येदियुरप्पा इस दक्षिणी राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे।

भाजपा के एक नेता ने कहा कि इस महीने के शुरू से एक आलीशान होटल में ठहरे बागी विधायक मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली जदएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार के विश्वासमत हासिल नहीं कर पाने के बाद ‘‘बहुत खुश’’ हैं। नेता ने कुमारस्वामी नीत सरकार के मंगलवार शाम कर्नाटक विधानसभा में विश्वासमत हासिल नहीं कर पाने की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘उन्हें (बागी विधायकों) वह मिल गया जो वे चाहते थे।’’

उन्होंने कहा कि विधायक येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद मुम्बई से रवाना होंगे। बागियों ने इससे पहले इससे इनकार किया था कि उनके इस्तीफों और सरकार से समर्थन वापस लेने में भाजपा की कोई भूमिका है। कुमारस्वामी नीत सरकार के भविष्य का फैसला करने वाले महत्वपूर्ण शक्तिपरीक्षण से पहले येदियुरप्पा ने आरोप लगाया था कि सत्ताधारी गठबंधन यह जानने के बावजूद अनावश्यक देरी कर रहा है कि सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों को जारी व्हिप किसी काम का नहीं है।

आने वाले दिनों में भाजपा को भारी पड़ेगा यह खेल : गहलोत

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राजस्‍थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कर्नाटक के राजनीतिक घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए मंगलवार को कहा कि जनता सबकुछ देख रही है और आने वाले समय में यह भाजपा को भारी पड़ेगा। गहलोत से इस घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर मंगलवार रात उन्होंने कहा, ‘‘ये घटनाक्रम लंबे समय से चल रहा है, पूरा देश देख रहा है किस प्रकार मोदीजी को भारी बहुमत मिला। लेकिन आम जनता को उम्मीद नहीं थी कि जीतने के बावजूद राजग सरकार इस प्रकार की हरकत करेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में आप तमाशा देख ही रहे हैं। जो कुछ हो रहा है यह जनता के जहन में बैठ रहा है और आने वाले वक्त में उन्हें ये भारी पड़ेगा। इनकी खुद की पार्टी में बगावत होगी, ये मैं कह सकता हूं। समय का इंतजार कीजिए। अंतिम विजय सत्य की होती है।’’ गहलोत ने कहा, ‘‘ये लोग लोकतंत्र को खत्म करने का खेल खेल रहे हैं। इनका बस चला तो हिंदुस्तान भर में यही काम करेंगे और कोई काम तो है नहीं इनके पास। देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है, युवाओं में आक्रोश पैदा हो रहा है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। इन्हें उसकी चिंता नहीं है।’’

एजेंसी इनपुट

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad