Advertisement

प्रियंका गांधी ने केंद्र पर साधा निशाना, पूछा- ‘नमस्ते ट्रंप’ पर कौन मंत्रालय खर्च कर रहा है सौ करोड़

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को दो दिवसीय यात्रा पर भारत आ रहे हें। अब इसे लेकर राजनीति भी...
प्रियंका गांधी ने केंद्र पर साधा निशाना, पूछा- ‘नमस्ते ट्रंप’ पर कौन मंत्रालय खर्च कर रहा है सौ करोड़

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को दो दिवसीय यात्रा पर भारत आ रहे हें। अब इसे लेकर राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्रंप के दौरे पर होने वाले खर्च पर सवाल उठाया है। उन्होंने पूछा है कि ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम पर कौन सा मंत्रालय सौ करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। 

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप के आगमन पर सौ करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं, लेकिन ये पैसा एक समिति के जरिए खर्च हो रहा है। समिति के सदस्यों को पता ही नहीं कि वो उसके सदस्य हैं। क्या देश को ये जानने का हक नहीं कि किस मंत्रालय ने समिति को कितना पैसा दिया, समिति की आड़ में सरकार क्या छिपा रही है?' बता दें कि डोनाल्ड ट्रम्प नागरिक अभिनंदन समिति 'नमस्ते ट्रम्प' कार्यक्रम की आयोजक हैं। 

कब बनी समितिः कांग्रेस

इससे पहले कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर इस समिति पर सवाल उठा चुकी है। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा था, “भारत सरकार का दावा है कि सारा प्रबंधन एक ‘नागरिक अभिनंदन समिति’ द्वारा किया जा रहा है। क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समिति के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं? ये समिति कब बनी, पंजीकरण कब हुआ, इतना पैसा कहां से आया? वास्तविकता ये है कि सारा पैसा भारत और गुजरात सरकार का है।”

'सरकार को झूठ नहीं बोलना चाहिए'

उन्होंने कहा था कि गुजरात सरकार ने ही सारी अप्रूवल्स दी हैं। मोटेरा स्टेडियम को किराये पर लिया गया है, सारे देश से कलाकार आ रहे हैं। ये एक समिति के वश में नहीं है। अहमदाबाद म्युनिसिपल कारपोरेशन को विशेष ग्रांट दी गई है। हमें इस पर आपत्ति नहीं है, मगर सरकार को झूठ नहीं बोलना चाहिए।”

दरअसल, गुरुवार (20 फरवरी) को विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस वार्ता में रवीश कुमार ने एक सवाल के जवाब में कहा था कि अहमदाबाद के ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में किसे बुलाया जा रहा है, इसका फैसला विदेश मंत्रालय नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन ‘डोनाल्ड ट्रंप अभिनंदन समिति’ के द्वारा किया जा रहा है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad