Advertisement

मोदी की बाढ़ के डर से चूहे-बिल्ली और सांप-नेवला साथ लड़ रहे हैं चुनाव: अमित शाह

भाजपा के 39वें स्थापना दिवस पर अमित शाह ने मुंबई की रैली में कार्यकर्ताओं को 2019 का मंत्र दिया और विपक्षी...
मोदी की बाढ़ के डर से चूहे-बिल्ली और सांप-नेवला साथ लड़ रहे हैं चुनाव: अमित शाह

भाजपा के 39वें स्थापना दिवस पर अमित शाह ने मुंबई की रैली में कार्यकर्ताओं को 2019 का मंत्र दिया और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। शाह बोले, ‘देश में मोदी की बाढ़ आई है जिसके डर से चूहे, बिल्ली, सांप और नेवला मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।‘ उनका इशारा सपा-बसपा गठबंधन समेत जोड़-तोड़ में जुटी राजनीतिक पार्टियों की तरफ था।

भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पार्टी का असली मालिक बताते हुए कहा, ‘भारत के लोकतंत्र के इतिहास में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सबसे ज्यादा बलिदान दिया है।‘ उन्होंने कहा कि 38 साल पहले अटल जी ने मुंबई में भाजपा की स्थापना की थी, तब उन्होंने कहा था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। आज पूरे देश में कमल खिला हुआ है। हमारी पार्टी 10 सदस्यों से शुरू हुई और आज हमारे 11 करोड़ से ज़्यादा सदस्य हैं, कभी हमको हम दो-हमारे दो के ताने दिए जाते थे और आज हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार है।

अमित शाह ने कहा, ‘भाजपा वर्षों की अपनी यात्रा में एक संगठनात्मक, राष्ट्रभक्त और सुशासन देने वाली पार्टी की छवि बनाने में सफल हुई है। हमारे पूर्वज कहते थे कि हम राजनीति में सत्ता के उपभोग के लिए नहीं है। हम राजनीति में सत्ता को साधन बनाने के लिए आये हैं। उसी रास्ते पर नरेन्द्र मोदी सरकार चल रही है।‘

शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी भी राहुल जी, शरद पवार के साथ बैठते हैं। राहुल मोदी सरकार से साढ़े चार साल का हिसाब मांगते हैं लेकिन खुद की चार पीढ़ियों का हिसाब नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में किसान फसल के उचित दाम मांगते हुए थक गए लेकिन कभी उन्हें हक नहीं मिला। भाजपा ने किसानों को डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी आरक्षण को नहीं हटाएगी और न ही किसी को हटाने देगी। विपक्ष ने संसद को नहीं चलने दिया, लेकिन हम संसद के अंदर और संसद के बाहर चर्चा के लिए तैयार है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह भाजपा का स्वर्ण काल नहीं है, स्वर्ण काल तब आएगा, जब पश्चिम बंगाल, ओडिशा और 2019 में उनकी पार्टी की सरकार होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad