Advertisement

राहुल गांधी ने कहा, 45000 करोड़ के कर्जदार को क्यों दिया राफेल का ठेका

केंद्र सरकार से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सवाल किया कि  45000 करोड़ के कर्जदार को राफेल...
राहुल गांधी ने कहा, 45000 करोड़ के कर्जदार को क्यों दिया राफेल का ठेका

केंद्र सरकार से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सवाल किया कि  45000 करोड़ के कर्जदार को राफेल एयरक्राफ्ट का ठेका क्यों दिया।  526 करोड़ का एयरक्राफ्ट 1600 करोड़ में क्यों खरीदा ?

मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को रीवा पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष ने एक जनसभा में कहा कि इतिहास में पहली बार फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री ने उनसे कहा कि राफेल हवाई जहाज का सौदा अनिल अंबानी को मिलना चाहिए। ऐसी सरकार का क्या फायदा जो गरीबों की मदद नहीं कर सकती| मध्य प्रदेश की सरकार सिर्फ अमीरों के बारे में सोचती है। मोदी जी ने आपसे कहा काले धन के खिलाफ लड़ाई है। आपका पैसा बैंक में डाला फिर वही पैसा नीरव मोदी, मेहुल चोकसी, विजय माल्या की जेब में डाल दिया।

नीयत नहीं है साफ

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब नोटबंदी हुई तब आप सभी बैंक के सामने खड़े हुए। उस लाईन में क्या कोई सूट-बूट वाला खड़ा था? क्या नीरव मोदी, मेहुल चोकसी, विजय माल्या खड़ा था। जो चोरी करता है, वो आंख में आंख मिलाकर बात नहीं कर सकता है। देश का युवा इस बात को समझ गया है कि मोदी जी मंच से एक के बाद एक झूठे वादे करते हैं और मोदी जी की नीयत साफ नहीं है।

10 दिन में करेंगे किसानों का कर्ज माफ

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश के किसानों, यहां कांग्रेस पार्टी की सरकार आयेगी। 10 दिन के अंदर आपका कर्जा माफ कर देगी और ये अहसान नहीं होगा क्योंकि, ये आपका हक है| हम सिर्फ अपनी जिम्मेदारी पूरी करेंगे। नरेंद्र मोदी ने स्वयं हिंदुस्तान के उद्योगपतियों का 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये माफ किया है। लेकिन कहते हैं हिंदुस्तान के किसानों का एक रुपया माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जैसे ही शिवराज चौहान जी स्टेज पर आते हैं, मध्य प्रदेश का 5 साल का बच्चा भी कहता है देखो घोषणा मशीन आयी है| काम नहीं है,सिर्फ घोषणाएं हैं| मध्य प्रदेश में सड़कें कम हैं, गढ्ढे ज्यादा हैं।

जमीन अधिग्रहण बिल का किया विरोध

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 15 अगस्त को लालकिले से मोदी जी ने भाषण में कहा कि मेरे आने से पहले हाथी सो रहा था। हिंदुस्तान सो रहा था। मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद हिंदुस्तान जगा। कितना घमंड है मोदी जी में। लोकसभा में नरेंद्र मोदी जी ने 3 बार जमीन अधिग्रहण बिल को खत्म करने की कोशिश की। लेकिन कांग्रेस खड़ी हो गयी और मोदी जी को ऐसा नहीं करने दिया। ‏मोदी जी ने मध्य प्रदेश में शिवराज जी से कहा कि लोकसभा में तो नहीं कर पाये, इसलिये मध्य प्रदेश में जमीन अधिग्रहण बिल को खत्म कर दो। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad