Advertisement

यूपीः प्रियंका गांधी वाड्रा होंगी चुनाव प्रचार अभियान का चेहरा, पूनिया बोले- बीजेपी-कांग्रेस में सीधा मुकाबला, सपा-बसपा रेस से बाहर

यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने जीत के लिए बड़ी तैयारी शुरू कर दी है।...
यूपीः प्रियंका गांधी वाड्रा होंगी चुनाव प्रचार अभियान का चेहरा, पूनिया बोले- बीजेपी-कांग्रेस में सीधा मुकाबला, सपा-बसपा रेस से बाहर

यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने जीत के लिए बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आगामी उत्तर प्रदेश चुनावों में पार्टी के चुनाव प्रचार का चेहरा होंगी। पार्टी के प्रचार अभियान समिति के नवनियुक्त प्रमुख पीएल पुनिया ने रविवार को यह एलान किया। उन्‍होंने कहा कि प्रियंका अभी राज्य में सबसे लोकप्रिय राजनीतिक शख्सियत हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि यूपी चुनाव में ह कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है क्योंकि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी दोनों ही "पीछे रह गई हैं" और "अब रेस में नहीं हैं"।

पुनिया को शुक्रवार को अगले साल होने वाले यूपी चुनावों के लिए कांग्रेस की 20 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख के रूप में नामित किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी सभी मुद्दों पर सच के लिए लड़ी हैं और जब लखीमपुर खीरी की घटना हुई तो वह तुरंत पीड़ितों के परिवार से मिलने के लिए रवाना हो गईं और उन्हें सीतापुर में हिरासत में लिया गया लेकिन वह न्याय के लिए अड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि वह अपने संघर्ष में 'सफल' रहीं और पीड़ितों के परिवारों से मिलने के लिए लखीमपुर खीरी और बहराइच गईं।

पूनिया ने कहा कि  चाहे सोनभद्र की घटना हो, उन्नाव या हाथरस की घटनाएं हों, प्रियंका गांधी ने न्याय के लिए लड़ाई लड़ी है। इसलिए लोग और अभी पूरा राज्य उनसे प्रभावित है, कोई भी नेता प्रियंका गांधी से ज्यादा लोकप्रिय नहीं है। जहां तक यह सवाल है कि चुनाव प्रचार अभियान किसके ईर्द-गिर्द होगा तो हम सौभाग्यशाली हैं कि प्रियंका गांधी हर समय प्रचार अभियान के लिए उपलब्ध हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अन्य राज्यों से भी मांग रहती है कि प्रचार अभियान के लिए प्रियंका गांधी आएं और एक या दो सभाएं करें, लेकिन यूपी में वह 24 घंटे उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ही हमारा एक चेहरा होंगी जिनके ईर्द-गिर्द पूरा चुनाव प्रचार अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि चुनावों में लखीमपुर खीरी घटना और किसानों के लिए न्याय महत्वपूर्ण मुद्दे होंगे। जिस तरीके से किसानों को 'कुचला गया' वह निंदनीय घटना है।

उन्होंने कहा कि इससे घटिया बात क्या होगी कि जो लोग सत्ता में हैं उन्होंने अपराध के दोषियों को संरक्षण दिया। लीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिना सबूत के किसी को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, जो एक संकेत था कि केंद्रीय मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी की मांग करना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री दोनों मामले में आरोपियों का बचाव करने के ‘दोषी’ हैं। उन्‍होंने कहा कि ‘असली न्याय’ तभी होगा जब मंत्री को पद से हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने इस मांग को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात की।

कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर किसानों की ‘दुर्दशा’, महंगाई और कानून और व्यवस्था की स्थिति जैसे असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी-आरएसएस के लोग हमेशा ऐसा करते हैं जब भी उन्हें लगता है कि वे सुशासन, कानून और व्यवस्था की स्थिति, अपराध के मामले में, महिलाओं के खिलाफ अपराध, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के मामले में राज्य के पहले नंबर पर होने जैसे मुद्दों पर हार रहे हों तो लोगों के आक्रोश से अपने आप को बचाने के लिए वे ध्रुवीकरण करने में लग जाते हैं।

उन्होंने कहा कि वे मंदिर का निर्माण करते हैं, हिंदू-मुस्लिमों को बांटते हैं, अपने आप को हिंदुओं का इकलौता शुभचिंतक पेश करते हैं। वे यह सब प्रयास करेंगे लेकिन यह पुरानी रणनीति हो गई है, लोग महंगाई और विकास जैसे मुद्दों को लेकर चिंतित हैं तथा वे योगी आदित्यनाथ के ध्रुवीकरण के झांसे में नहीं फंसेंगे।

यह पूछने पर कि क्या विपक्षी एकता न होने से वोटों का बंटवारा होगा, इस पर पुनिया ने कहा कि सपा और बसपा पीछे रह गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोग सोच रहे थे कि वे मुकाबले में हैं लेकिन अब नहीं। कांग्रेस मुकाबले में है और केवल कांग्रेस ही भाजपा को पछाड़ सकती है। कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। पुनिया ने दावा किया कि भाजपा कांग्रेस से 'खतरा' महसूस कर रही है और इसीलिए उनका नेतृत्व सपा और बसपा पर नहीं बल्कि कांग्रेस पर हमला किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad