Advertisement

कर्नाटक: कांग्रेस विधायक अस्पताल में भर्ती, मंत्री बोले- यह दोस्तों के बीच झगड़ा

कर्नाटक में इस समय सियासी उथल-पुथल जारी है। इसी बीच रिजॉर्ट में ठहरे हुए कांग्रेस विधायकों के बीच कथित...
कर्नाटक: कांग्रेस विधायक अस्पताल में भर्ती, मंत्री बोले- यह दोस्तों के बीच झगड़ा

कर्नाटक में इस समय सियासी उथल-पुथल जारी है। इसी बीच रिजॉर्ट में ठहरे हुए कांग्रेस विधायकों के बीच कथित तौर पर मारपीट होने की खबरें सामने आ रही हैं। शुक्रवार रात को रिजॉर्ट पहुंचे विधायकों के बीच मारपीट की खबर तब सामने आई जब एक विधायक आनंद सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बेंगलुरू के रिजॉर्ट में जेएन गणेशन ने आनंद सिंह के सिर पर बोतल मार दी।

यह दोस्तों के बीच का झगड़ा: मंत्री

कर्नाटक सरकार में मंत्री जमीर अहमद ने कहा- सभी लोग दोस्त हैं। उनके बीच बहस हो रही थी। यह दोस्तों के बीच होता है। यह दोस्तों का छोटा सा झगड़ा था। किसी को कई टांके नहीं आए हैं। ना ही खून निकला है।

कांग्रेस ने किया खारिज

कांग्रेस ने बेशक इन खबरों को खारिज किया है लेकिन रविवार को उसके कई नेता अस्पताल जाते हुए दिखाई दिए हैं। अपोलो अस्पताल से वापस लौटने के बाद कांग्रेस नेता रघुनाथ ने कहा कि उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के मंत्री डीके शिवकुमार ने विधायकों के बीच हुई हाथापाई की रिपोर्ट्स का खंडन किया है। वहीं उनके भाई डीके सुरेश अस्पताल में दिखाई दिए।

भाजपा ने साधा निशाना

भाजपा ने कर्नाटक के अंदर चल रही उठा-पठक पर तंज कसा है। कर्नाटक भाजपा ने ट्विटर पर लिखा, 'हम आपको और क्या सबूत दिखाएं कि कांग्रेस के अंदर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। ईगलटन रिसॉर्ट में ठहरे कांग्रेस विधायकों के बीच मारपीट हुई और एक विधायक अस्पताल में भर्ती है। कांग्रेस कब तक मना करती रहेगी और अपने मतभेदों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराती रहेगी। जब राजनीतिक पार्टी पंगु होती है तो उसे दोष अच्छे लगते हैं।'

अब कांग्रेस के पास क्या बहाना: भाजपा

मीडिया का हवाला देते हुए कर्नाटक भाजपा ने कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्य की बात है कि कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष ईगलटन रिसॉर्ट में हुई लड़ाई को रोकने में असमर्थ रहे। हम उम्मीद करते हैं कि आनंद सिंह का इलाज किया जा रहा है और हम उनके जल्द ठीक होने की दुआ करते हैं। दुर्भाग्यवश दिनेश गुंडूराव अब भाजपा को दोष नहीं दे सकते हैं। उनकी निगरानी में विधायकों को रिसॉर्ट में बंद किया गया था। अब आपका क्या बहाना है?'

यह खबर फर्जी: डीके शिवकुमार

रविवार को डीके शिवकुमार ने विधायक आनंद सिंह और जेएन गणेश के बीच हुई लड़ाई की रिपोर्ट्स पर कहा, 'उनके बीच कोई लड़ाई नहीं है। आपने देखा कि वह सभी साथ आए और साथ गए थे। यह फर्जी खबर है। पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट है। मुझे पूरा विश्वास है कि जो सीएलपी बैठक में नहीं पहुंचे वह भी कांग्रेस में आ जाएंगे।'

मुझे नहीं पता क्या हुआ: उपमुख्यमंत्री

कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कांग्रेस विधायक आनंद सिंह और जेएन गणेश की लड़ाई वाली रिपोर्ट्स को लेकर कहा, 'मैंने यह केवल मीडिया के जरिए देखी है। मैं कल वहां रात के आठ बजे तक था। मुझे नहीं पता कि क्या हुआ है लेकिन एक बार मुझे पता चल जाए तो मैं आपको निश्चित तौर पर बताउंगा।'

डीके सुरेश द्वारा विधायक को अस्पताल देखने के लिए जाने वाली रिपोर्ट्स पर जी परमेशवर ने कहा, ‘जब हमारे किसी साथी की तबीयत ठीक नहीं होती है, यदि यह सही है तो निश्चित तौर पर कोई उसे देखने के लिए गया होगा। मुझे नहीं पता कि वह व्यक्ति कौन है। मैं केवल आपके सवाल पर प्रतिक्रिया दे रहा हूं।'

आनंद सिंह सीने में दर्द की वजह से अस्पताल में भर्ती’

डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश ने अस्पताल जाने पर कहा, 'मुझे लड़ाई के बारे में कुछ नहीं पता है। आनंद सिंह सीने में दर्द होने की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें कोई चोट या कुछ और नहीं हुआ है। उनके माता-पिता यहां अस्पताल में हैं। बाकी चीजें केवल अटकलें हैं।'

डॉक्टर करें स्थिति स्पष्ट: भाजपा

भाजपा विधायक आर अशोक ने कहा, 'डीके शिवकुमार और डीके सुरेश लोगों को झूठ बोलकर भ्रमित कर रहे हैं। अपोलो अस्पताल के डॉक्टरों को बाहर आना चाहिए और यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या आनंद सिंह सीने में दर्द की वजह से या फिर किसी और चीज के लिए भर्ती हैं। पुलिस को इस मामले में स्वत: संज्ञान लेना चाहिए और इसकी जांच करनी चाहिए।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement