Advertisement

सुभाष चोपड़ा को मिली दिल्ली कांग्रेस की कमान, कीर्ति आजाद बने प्रचार समिति के अध्यक्ष

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल गया है। पूर्व विधायक सुभाष चोपड़ा को...
सुभाष चोपड़ा को मिली दिल्ली कांग्रेस की कमान, कीर्ति आजाद बने प्रचार समिति के अध्यक्ष

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल गया है। पूर्व विधायक सुभाष चोपड़ा को दिल्ली कांग्रेस की कमान दी गई है तो कीर्ति आजाद को प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले कीर्ति का नाम अध्यक्ष पद के लिए लगभग तय माना जा रहा था लेकिन विरोध के चलते आलाकमान ने अनुभव और स्थानीय को ही प्राथमिकता दी। 20 जुलाई को दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन के बाद से यह पद रिक्त चल रहा था।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से बुधवार को जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चोपड़ा और आजाद की नियुक्ति की। चोपड़ा पहले भी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं। वह कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक भी रहे हैं।

कीर्ति के नाम की थी चर्चा

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर आजाद ने इस नियुक्ति के साथ लंबे समय बाद दिल्ली की राजनीति में वापसी की है। भाजपा में रहते हुए वह दरभंगा से सांसद रहे। उनके पिता भगवत झा आजाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे। अध्यक्ष पद पर कीर्ति आजाद के नाम की काफी चर्चा थी लेकिन सुभाष चोपड़ा को अध्यक्ष बनाने का फैसला हुआ।

पसोपेश में था आलाकमान

इससे पहले कांग्रेस आलाकमान स्थानीय नेताओं की ‘गुटबाजी’ और कई राजनीतिक समीकरणों की वजह से दिल्ली कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर पसोपेश में था। एक तरफ, दिल्ली कांग्रेस के कई नेता कीर्ति आजाद का ‘बाहरी’ के नाम पर विरोध कर रहे थे तो दूसरी तरफ नेताओं के एक धड़े का कहना था कि किसी ऐसे व्यक्ति को यह जिम्मेदारी दी जाए जो सबको स्वीकार्य हो और पार्टी में ‘गुटबाजी’ पर अंकुश लगा सके।

चुनाव के बाद हुई हलचल तेज

महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष को लेकर एक बार फिर से हलचल तेज हो गई थी। कांग्रेस आलाकमान के सामने बड़ी चुनौती दिल्ली के सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के साथ ही पार्टी की आंतरिक कलह पर अंकुश लगाने की भी थी।

दिल्ली कांग्रेस में फिलहाल तीन कार्यकारी अध्यक्ष हैं जिनमें हारून युसूफ, देवेंद्र यादव और राजेश लिलोठिया शामिल हैं। पिछले दो महीने से तीनों कार्यकारी अध्यक्ष पार्टी का काम देख रहे हैं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad