Advertisement

सिद्धू का विवादित बयान- मोदी ऐसी दुल्हन जो रोटी कम बेलती है, चूड़ियां ज्यादा खनकाती है

पंजाब सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने मध्य...
सिद्धू का विवादित बयान- मोदी ऐसी दुल्हन जो रोटी कम बेलती है, चूड़ियां ज्यादा खनकाती है

पंजाब सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने मध्य प्रदेश की एक चुनावी सभा में भाजपा नेताओं को 'काले अंग्रेज' बताते हुए लोगों से इन्हें सत्ता से बाहर करने की अपील की है। साथ ही पूर्व क्रिकेटर ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए एक विवादित बयान दे डाला। सिद्धू ने मोदी की तुलना ऐसी दुल्हन से की है जो काम कम करती है, चूड़ियां ज्यादा खनकाती है।

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक सभा के दौरान नवजोत सिद्धू ने कहा, 'ये कांग्रेस देश को आजादी देने वाली पार्टी है। मौलाना आजाद की पार्टी है, महात्मा गांधी की पार्टी है। उन्होंने गोरों से आजादी दी थी और तुम इंदौरवालों अब काले अंग्रेजों से इस देश को निजात दिलाओगे।'

पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'मोदी जी उस दुल्हन की तरह हैं जो रोटी कम बेलती है और चूड़ियां ज्यादा खनकाती है ताकि मोहल्ले वालों को यह पता चले कि वह काम कर रही है। बस यही हुआ है मोदी सरकार में।'  

'सीबीआई को बना दिया कठपुतली'

सिद्धू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के सभी लोकतांत्रिक ढांचे और संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि आपने सीबीआई को कठपुतली बना दिया है। सुप्रीम कोर्ट  के जज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए सड़कों पर आए। आपके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी जी की सेना, 'फौज' असली लड़ाई लड़ने के लिए है, न कि चुनाव लड़ने के लिए।

सिद्दू का बयान महिला विरोधीः महिला आयोग

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना ‘नयी दुल्हन’ से करने वाले सिद्धू के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा है कि इससे उनकी महिला विरोधी मानसिकता का पता लगता है। रेखा शर्मा ने ट्वीट कर कहा कि सिद्धू महिलाओं को केवल रोटी बनाने वाली के रूप में ही देखते हैं। इसकी घोर निंदा की जानी चाहिए। शर्मा ने कहा, 'घोर निंदनीय। यह महिलाओं के प्रति उनकी मानसिकता को दर्शाता है। क्या वह समझते हैं कि महिलायें केवल रोटी बनाने और चूड़ियां खनकाने के लिए ही है?  एक ओर भारतीय महिलायें हर क्षेत्र में नयी नयी उपलब्धियां हासिल कर रहीं हैं और सिद्धू उनको केवल अपने महिला विरोधी चश्में से देखते हैं।'

फिर मिला चुनाव आयोग का नोटिस

इससे पहले चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी के लिए आचार संहिता का उल्लंघन को लेकर कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को शुक्रवार को एक नया कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आयोग को भाजपा से शिकायत मिली थी कि सिद्धू ने 29 अप्रैल को मध्यप्रदेश में एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की थी।

उन्होंने कथित तौर पर प्रधानमंत्री पर 'राफेल विमान सौदे में पैसा बनाने' का आरोप लगाया था। साथ ही  मोदी पर यह भी आरोप लगाया था कि उन्होंने अमीरों को 'राष्ट्रीयकृत बैंकों' को लूटने के बाद देश से भागने की ‘अनुमति'' दी। आयोग ने अप्रैल में सिद्धू पर 72 घंटों के लिए प्रचार करने पर रोक लगायी थी।

मध्य प्रदेश में आठ लोकसभा सीटों पर 12 मई को मतदान होगा और 19 मई को अंतिम चरण में 8 सीटों पर मतदान होगा। राज्य में 29 लोकसभा सीटें हैं और वोटों की गिनती 23 मई को होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad