Advertisement

सलमान खुर्शीद बोले- छोड़ गए राहुल; भाजपा ने कहा- कांग्रेस के पास न नेता है न नीति

राहुल गांधी के अध्यक्ष पद छोड़ने और कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद...
सलमान खुर्शीद बोले- छोड़ गए राहुल; भाजपा ने कहा- कांग्रेस के पास न नेता है न नीति

राहुल गांधी के अध्यक्ष पद छोड़ने और कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हमारी सबसे बड़ी समस्या यह है कि हमारे नेता ही छोड़ गए। लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी के इस्तीफे से संकट बढ़ा। खुर्शीद की टिप्पणी पर भाजपा ने भी चुटकी ली है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस टिप्पणी को महाराष्ट्र और विधानसभा चुनावों में मतदान से पहले ही कांग्रेस द्वारा 'अपनी हार स्वीकार लेना' बताया है।

क्या कहा था खुर्शीद ने

राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफे को पहली बार किसी कांग्रेस नेता ने 'छोड़ जाना' कहा। सलमान खुर्शीद ने अपनी ही पार्टी की आलोचना करते हुए कहा था कि कांग्रेस की जो स्थिति है, उसमें महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव जीतने की संभावना नहीं है। पार्टी संघर्ष के दौर से गुजर रही है और अपना भविष्य तक तय नहीं कर सकती। उन्होंने कहा था कि हमारी सबसे बड़ी समस्या यही है कि हमारे नेता हमें छोड़ कर चले गए। उनके जाने के बाद एक तरह का खालीपन है।

राहुल गांधी के इस्तीफे से संकट बढ़ा

न्यूज एजेंसी से बातचीत में पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद ने पार्टी की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा था कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी के इस्तीफे से संकट बढ़ा है। उनके इस फैसले के कारण पार्टी हार के बाद जरूरी आत्मनिरीक्षण भी नहीं कर पायी। हम विश्लेषण के लिए भी एकजुट नहीं हो सके कि हम लोकसभा चुनाव में क्यों हारे। पार्टी ऐसे दौर से गुजर रही है, जिसमें हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी के जीतने की संभावना ही नहीं है।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने ली चुटकी

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने सलमान खुर्शीद के बयान वाली खबर के साथ ट्वीट किया है कि कांग्रेस के पास अब न ही नेता है, न नीति है और न ही नीयत बची है। उन्होंने लिखा- खुर्शीद मानते हैं कि राहुल गांधी 'छोड़ गए' और सोनिया गांधी सिर्फ 'फौरी इंतजाम' देख रही हैं।

विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की डांवाडोल स्थिति

पात्रा ने खुर्शीद के इस बयान को महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की डांवाडोल स्थिति का इजहार बताया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में 21 अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले कांग्रेस ने अपनी पराजय स्वीकार कर ली है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement