Advertisement

'अर्थव्यवस्था की बर्बादी नोटबंदी से शुरू हुई थी': जीडीपी में गिरावट पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा

जीडीपी विकास दर में भारी गिरावट को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को सरकार पर...
'अर्थव्यवस्था की बर्बादी नोटबंदी से शुरू हुई थी': जीडीपी में गिरावट पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा

जीडीपी विकास दर में भारी गिरावट को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि अर्थव्यवस्था की बर्बादी नोटबंदी से शुरू हुई थी और उसके बाद से एक के बाद एक गलत नीतियां अपनाई गईं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ जीडीपी -23.9 प्रतिशत हो गई। देश की अर्थव्यवस्था की बर्बादी नोटबंदी से शुरू हुई थी। तब से सरकार ने एक के बाद एक ग़लत नीतियों की लाइन लगा दी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था डुबो दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज से 6 माह पहले राहुल गांधी जी ने आर्थिक सुनामी आने की बात बोली थी। कोरोना संकट के दौरान हाथी के दांत दिखाने जैसा एक पैकेज घोषित हुआ। मगर आज स्थिति देखिए। जीडीपी -23.9 प्रतिशत तक गिर गई। भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को डुबा दिया।’’

कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘‘मोदी जी, अब तो मान लीजिए कि जिसे आपने “मास्टरस्ट्रोक” कहा, वास्तव में वो “डिजास्टर स्ट्रोक” थे! नोटबंदी, ग़लत जीएसटी, और देशबंदी (तालाबंदी)।’’

उल्लेखनीय है कि कोविड-19 संकट के बीच देश की अर्थव्यवस्था में चालू वित्त वर्ष 2020-21 की अप्रैल-जून तिमाही में 23.9 प्रतिशत की भारी गिरावट आयी है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने पहली तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े सोमवार को जारी किए। इन आंकड़ों में जीडीपी में भारी गिरावट दिखी है। सकल घरेलू उत्पाद में पिछले वर्ष 2019-20 की इसी तिमाही में 5.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad