Advertisement

प्रियंका गांधी की सुरक्षा में हुई चूक पर बोले वाड्रा- पूरे देश में हो रहा सुरक्षा से समझौता

एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास पर सुरक्षा में चूक का...
प्रियंका गांधी की सुरक्षा में हुई चूक पर बोले वाड्रा- पूरे देश में हो रहा सुरक्षा से समझौता

एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास पर सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। इसे लेकर उनके पति रॉबर्ट वाड्रा का कहना है कि पूरे देश में सुरक्षा के साथ समझौता हो रहा है।

रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पोस्ट में कहा है, ‘यह प्रियंका, मेरी बेटी या बेटे, मेरे या गांधी परिवार की सुरक्षा के बारे में नहीं है। यह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से हमारे देश की महिलाओं को सुरक्षित रखने और सुरक्षित महसूस कराने को लेकर है। पूरे देश में सुरक्षा से समझौता किया जाता है।'

उन्होंने आगे लिखा, 'लड़कियों के साथ छेड़छाड़/ दुष्कर्म हो रहा है, हम किस प्रकार के समाज बनते जा रहे हैं? हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। यदि हम अपने देश और घर में सुरक्षित नहीं हैं, सड़को पर सुरक्षित नहीं हैं, दिन या रात में सुरक्षित नहीं हैं तो हम कहां और किस तरह से सुरक्षित रह सकते हैं?'

प्रियंका के घर में घुसे थे पांच अज्ञात

जानकारी के अनुसार, लोधी स्टेट स्थित प्रियंका गांधी के निवास पर 26 नवंबर को पांच अज्ञात लोगों ने बिना पूर्व जानकारी के प्रवेश किया और सेल्फी लेने के लिए कहा। प्रियंका गांधी के दफ्तर ने सीआरपीएफ में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। मामले में जांच जारी है। 26 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे, एक काले रंग की स्कॉर्पियो एसयूवी प्रियंका गांधी के निवास की ओर बढ़ी। उस समय उनके कार्यालय में एक बैठक चल रही थी, उनके सहयोगी ने बाहर आकर पूछताछ की कि वे क्या चाहते हैं। कार में दो पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा था।, उन्होंने कहा कि वे सिर्फ प्रियंका गांधी के साथ फोटो लेना चाहते थे।

ठीकरा फोड़ने का खेल हुआ शुरू

जब प्रियंका गांधी के दफ्तर ने सुरक्षा के लिए जिम्मेदार सीआरपीएफ से इस बारे में पूछताछ की, तो उन्होंने कहा कि निवास तक सुरक्षा दिल्ली पुलिस देखती है और एक दूसरे पर ठीकरा फोड़ने का खेल शुरू हो गया है। हाल में केंद्र सरकार ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे और पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा की एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी और इसकी जगह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 'जेड प्लस' सुरक्षा मुहैया कराई थी। गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाने पर खासा हंगामा हुआ था और कांग्रेस ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad