Advertisement

राहुल गांधी ने साधा मोदी सरकार पर निशाना, कहा- डीएसपी देवेंद्र पर पीएम, गृहमंत्री खामोश क्यों

जम्मू कश्मीर में हिजबुल आतंकियों के साथ गिरफ्तार किए गए डीएसपी देवेंद्र सिंह को लेकर कांग्रेस नेता...
राहुल गांधी ने साधा मोदी सरकार पर निशाना, कहा- डीएसपी देवेंद्र पर पीएम, गृहमंत्री खामोश क्यों

जम्मू कश्मीर में हिजबुल आतंकियों के साथ गिरफ्तार किए गए डीएसपी देवेंद्र सिंह को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया है कि पीएम मोदी और गृह मंत्री देवेंद्र सिंह के मामले पर खामोश क्यों हैं। पुलवामा हमले में देवेंद्र सिंह की क्या भूमिका थी।

राहुल गांधी ने देवेंद्र सिंह मामले को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, 'डीएसपी देवेंद्र सिंह ने तीन ऐसे आतंकियों को अपने घर में पनाह दी, जिनके हाथ भारतीयों के खून से सने थे। उसे उस समय पकड़ा गया जब वह आतंकियों को दिल्ली ले जा रहा था। उसके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाना चाहिए, छह  महीने में फैसला आना चाहिए। अगर वह दोषी पाया जाता है तो भारत के खिलाफ विद्रोह के लिए कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

'किसके आदेशों पर करता था काम'

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस घटना की गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि यह भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा, 'यह अजीब है कि वह न केवल बचता रहा बल्कि उसे जम्मू-कश्मीर में विदेशी राजनयिकों की सुरक्षा जैसी बेहद संवेदनशील जिम्मेदारियां भी दी गईं। मौजूदा परिस्थितियों में वह किसके आदेशों पर काम करता था? उसकी पूरी जांच होनी चाहिए। आतंकवादियों को भारत पर हमले की योजना में मदद देना देशद्रोह है।'

लगाया था बड़ी साजिश का आरोप

इससे पहले कांग्रेस ने देवेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के पीछे एक बड़ी साजिश का हाथ बताया था। कांग्रेस ने पुलवामा और संसद हमले में उसकी भूमिका पर सवाल खड़े किए थे। बता दें कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने आतंकवादियों से साठगांठ के आरोप में गिरफ्तार डीएसपी देवेंद्र सिंह से शेर-ए-कश्मीर पुलिस मेडल को वापस ले लिया है। देवेंद्र सिंह के घर पर हुई छापेमारी में सेना के 15 मैप और 7.5 लाख रुपये भी बरामद हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को डर है कि हिज्बुल के आतंकियों ने अपने पाक हैंडलर्स के साथ यह नक्शा साझा किया होगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad