Advertisement

कांग्रेस-जेडीएस सरकार गिरने पर बोले राहुल- यह निहित स्वार्थ वाले लोगों के लालच की जीत

कर्नाटक में कांग्रेस-जद(एस) की सरकार मंगलवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने में विफल रही और...
कांग्रेस-जेडीएस सरकार गिरने पर बोले राहुल- यह निहित स्वार्थ वाले लोगों के लालच की जीत

कर्नाटक में कांग्रेस-जद(एस) की सरकार मंगलवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने में विफल रही और सरकार गिर गई। इस पर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी  ने बिना नाम लिए बीजेपी पर निशाना साधा है।

कर्नाटक विधानसभा में एचडी कुमारस्वामी नीत गठबंधन सरकार गिरने को 'लोकतंत्र,  ईमानदारी और राज्य की जनता की हार' करार देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि आखिरकार निहित स्वार्थ वाले लोगों के लालच की आज जीत हो गयी। राहुल गांधी ने लिखा, ''अपने पहले दिन से ही कांग्रेस-जेडीएस सरकार भीतर और बाहर के उन निहित स्वार्थ वाले लोगों के निशाने पर आ गयी थी, जिन्होंने इस गठबंधन को सत्ता के अपने रास्ते के लिए खतरा और रुकावट के तौर पर देखा।'' उनके लालच की आज जीत हो गयी। लोकतंत्र, ईमानदारी और कर्नाटक की जनता हार गयी।"

भाजपा को भारी पड़ेगा यह खेल : गहलोत

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कर्नाटक के राजनीतिक घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जनता सबकुछ देख रही है और आने वाले समय में यह भाजपा को भारी पड़ेगा। गहलोत ने कहा, ‘‘ये घटनाक्रम लंबे समय से चल रहा है, पूरा देश देख रहा है किस प्रकार मोदीजी को भारी बहुमत मिला। लेकिन आम जनता को उम्मीद नहीं थी कि जीतने के बावजूद एनडीए सरकार इस प्रकार की हरकत करेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में आप तमाशा देख ही रहे हैं। जो कुछ हो रहा है यह जनता के जहन में बैठ रहा है और आने वाले वक्त में उन्हें ये भारी पड़ेगा। इनकी खुद की पार्टी में बगावत होगी, ये मैं कह सकता हूं। समय का इंतजार कीजिए। अंतिम विजय सत्य की होती है।’’ गहलोत ने कहा, ‘‘ये लोग लोकतंत्र को खत्म करने का खेल खेल रहे हैं। इनका बस चले तो हिंदुस्तान भर में यही काम करेंगे और कोई काम तो है नहीं इनके पास। देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है, युवाओं में आक्रोश पैदा हो रहा है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। इन्हें उसकी चिंता नहीं है।’’

प्रियंका ने साधा भाजपा पर निशाना

प्रियंका गांधी ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, 'एक दिन भाजपा को पता चलेगा कि सब कुछ खरीदा नहीं जा सकता, हर किसी की बोली नहीं लगाई जा सकती और हर झूठ का आखिरकार पर्दाफाश होता है। तब तक मुझे लगता है कि हमारे देश की जनता को कमजोर होते लोकतंत्र, उनके बेलगाम भ्रष्टाचार और उन संस्थाओं के व्यवस्थित विध्वंस को सहन करना होगा, जिन्होंने जनता के हितों की रक्षा के लिए दशकों का परिश्रम और बलिदान दिया है।'

14 महीने पुरानी सरकार गिरी

मंगलवार शाम कर्नाटक में 14 महीने पुरानी एचडी कुमारस्वामी सरकार विधानसभा में बहुमत साबित करने में विफलरही। विश्वास मत प्रस्ताव पर वोटिंग में सत्ता पक्ष को महज 99 वोट मिले, जबकि भाजपा के पक्ष में 105 वोट पड़े। सदन में उस समय कुल 204 विधायक मौजूद थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad