Advertisement

राहुल बोले, राफेल सौदा देश का सबसे बड़ा रक्षा घोटाला और मोदी इसके लिए जिम्मेदार

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला किया। उन्होंने...
राहुल बोले, राफेल सौदा देश का सबसे बड़ा रक्षा घोटाला और मोदी इसके लिए जिम्मेदार

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला किया। उन्होंने राफेल लड़ाकू विमान सौदे को देश का अब तक का सबसे बड़ा रक्षा घोटाला करार देते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे-लंबे भाषण करते हैं, धर्म की बात करते हैं पर जब समय आता है तो राफेल हवाई जहाज को अपने मित्र को दे देते हैं। वह देश को बांटने का काम करते हैं। एक समाज को दूसरे समाज से लड़ाते हैं

उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा कि कि राफेल विमानों का दाम 540 करोड़ रुपये प्रति विमान से जादुई तरीके से बढ़कर 1600 करोड़ रुपये प्रति विमान हो गया। भारत ने 2015 में फ्रांस से 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। गांधी ने कहा कि संप्रग सरकार ने राफेल करार तैयार किया था जिसके अनुसार हर विमान का दाम करीब 540 करोड़ रुपये था। करार तैयार था और मोदी जी को केवल फैसला करना था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लेकिन, मोदी जी फ्रांस गए और उन्होंने पिछला करार खत्म कर दिया और रक्षा मंत्री तथा अन्य कैबिनेट मंत्रियों को इसके बारे में पता नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़ाकू विमान के संबंध में एक अनुबंध सरकारी हिंदुस्तान ऐरोनाटिक्स लिमिटेड से छीन लिया गया और इसे एक निजी कंपनी को दे दिया गया जिसने कभी विमान नहीं बनाया और ना ही कभी कोई रक्षा अनुबंध लिया। उन्होंने कहा कि जिस कंपनी से करार किया गया उस पर 45 हजार करोड़ रुपये का ऋण था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं और छोटी बच्चियों के साथ रेप की घटनाओं पर कुछ नहीं बोलते। भाजपा शासित राज्यों में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। यहां महिलाओं के साथ अत्याचार बढ़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का रिमोट कंट्रोल आरएसएस के हाथ में है और छत्तीसगढ़ को वे नागपुर से चलाते हैं।

राहुल ने सवाल किया कि उत्तर प्रदेश में जब महिलाओं से बलात्कार होता है तो नरेंद्र मोदी जी के मुंह से एक शब्द क्यों नहीं निकलता? बिहार में जब छोटी-छोटी बच्चियों से रेप होता है तो हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री के मुंह से एक शब्द क्यों नहीं निकलता?  उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ पिछले चार साल में जिस तरह की घटनाएं हुईं वैसी 3000 साल में भी नहीं हुईं।

उन्होंने कहा कि आज गरीबों से पैसा छीना जाता है, छोटे दुकानदारों का पैसा छीना जाता है ये है मोदी जी के अच्छे दिन।15-20 लोगों के अच्छे दिन आए हैं बाकी पूरा हिंदुस्तान रो रहा है। मोदी जी से जब रोजगार के बारे में पूछा जाता है तो वह पकौड़ा बनाने की बात कहते हैं। हालत इतने बुरे हो गए हैं कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को कहना पड़ रहा है कि रोजगार है कहां। अब  ये सवाल तो हम पूछ रहे हैं गडकरी जी, आप हिंदुस्तान के युवाओं को जवाब दो।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हिंदुस्तान ने जो प्रगति की थी उसको पिछले साढ़े चार साल में मोदी जी ने बर्बाद कर दिया। भाजपा ने और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने किसानों के साथ धोखा किया। अब किसान कांग्रेस की ओर देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं छत्तीसगढ़ की जनता को कहना चाहता हूं कि राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी और जो हमारा मुख्यमंत्री बनेगा अगर वह आदिवासियों, किसानों, युवाओं महिलाओं की लड़ाई नहीं लड़ेगा तो वह एक दिन मुख्यमंत्री नहीं रह पाएगा। राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन लोगों को विधानसभा में भेजेगी जो जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं, जिनके दिल में आदिवासियों, किसानों, युवाओं, महिलाओं के लिए जगह है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad