Advertisement

जनता का समर्थन गैर-भाजपाई पार्टियों के साथ, झारखंड परिणाम इसका प्रमाणः शरद पवार

झारखंड विधानसभा में जेएमएम गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और उसके सरकार बनाने का रास्ता साफ...
जनता का समर्थन गैर-भाजपाई पार्टियों के साथ, झारखंड परिणाम इसका प्रमाणः शरद पवार

झारखंड विधानसभा में जेएमएम गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और उसके सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इस जीत पर नेशनल कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि चुनाव के नतीजे यह दर्शाते हैं कि लोग गैर-भाजपाई पार्टियों के साथ हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बाद झारखंड के लोगों ने भी भाजपा को सत्ता से दूर रखने का फैसला  लिया। वहीं, भाजपा नेता अमित शाह ने कहा कि हम जनादेश का सम्मान करते हैं।

जनता ने 5 साल सेवा का मौका दियाः अमित शाह

अमित शाह ने ट्वीट किया, भाजपा को 5 सालों तक प्रदेश की सेवा करने का जो मौका दिया था उसके लिए हम जनता का आभार व्यक्त करते हैं। भाजपा निरंतर प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध रहेगी।

पीएम मोदी ने दी सोरेन को बधाई

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेएमएम के नेता हेमंत सोरेन को जीते के लिए बधाई दी है। राज्य में भाजपा की सत्ता गंवाने के बाद अपने ट्वीट में, मोदी ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य के लोगों की सेवा जारी रखेगी और लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने झारखंड के लोगों को भाजपा को कई वर्षों तक राज्य की सेवा करने का मौका देने के लिए धन्यवाद दिया।

नागरिकों के पक्ष फैसलाः ममता बनर्जी

 पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर हेमंत सोरेन, कांग्रेस और आरजेडी को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा झारखंड के लोगों ने अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आपको जिम्मेदारी सौंपी है।  झारखंड के सभी भाइयों-बहनों को मेरी शुभकामनाएं। सीएए एनआरसी विरोध  के दौरान चुनाव हुए थे। यह फैसला नागरिकों के पक्ष में है।

भाजपा की अब यही कहानीः चिंदबरम

वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा, ''हरियाणा में कमजोर हुए, महाराष्ट्र में अस्वीकृत हुए, झारखंड में हारे। 2019 में भाजपा की यही कहानी है।''

सीएए और एनआरसी का आक्रामक प्रचारः केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जेएमएम नेता हेमंत सोरेन को बधाई भी दी। उन्होंने कहा, ''जनता काम पर वोट देना चाहती है। भाजपा का अहंकार दिख रहा है। आखिर के 2 चरण में सीएए और एनआरसी को लेकर आक्रामक प्रचार किया था, जिस पर राज्य की जनता ने नकार दिया है।''

विकास की ओर अग्रसर होगा झारखंडः तेजप्रताप

तेज प्रताप यादव ने ट्वीट किया, "भाजपा के अहंकार की लंका में आग लगाने के लिए झारखंड के सभी मतदाता बंधुओं का शुक्रिया। महागठबंधन के सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अब झारखंड विकास की ओर अग्रसर होगा।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad