Advertisement

यूपी के अभियान पर प्रियंका गांधी, लखनऊ में मेगा रोड शो, राहुल भी मौजूद

कांग्रेस पार्टी की महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी आज (सोमवार को) पहली बार उत्तर प्रदेश पहुंच रही...
यूपी के अभियान पर प्रियंका गांधी, लखनऊ में मेगा रोड शो, राहुल भी  मौजूद

कांग्रेस पार्टी की महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी आज (सोमवार को) पहली बार उत्तर प्रदेश पहुंच रही हैं। लखनऊ से वह चुनावी अभियान का आगाज करेंगी।  यहां उनका 15 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो होगा। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी होंगे। बता दें कांग्रेस पार्टी ने पिछले महीने ही प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया था। प्रियंका अगले 4 दिनों तक उत्तर प्रदेश में रहेंगी।

जानकारी के मुताबिक, राहुल-प्रियंका का 15 किलोमीटर लंबा रोड शो होगा। दोपहर 3 बजे राहुल-प्रियंका का रोड शो प्रदेश कांग्रेस दफ्तर तक पहुंचेगा। यह रोड शो एयरपोर्ट मोड़ - शहीद पथ तिराहा - अवध चौराहा- आलमबाग चौराहा - नत्‍था होटल तिराहा - हुसैनगंज चौराहा - बर्लिंगटन चौराहा - लालबाग तिराहा- हजरतगंज चौराहा - विक्रमादित्य चौराहा होते हुए नेहरू भवन तक होगा। अमौसी एयरपोर्ट से लेकर कांग्रेस दफ्तर के बीच पूरे 15 किलोमीटर तक प्रियंका गांधी के स्वागत की जोरदार तैयारी की गई है। सड़कें पोस्टरों और बैनर से पट गई हैं।

कार्यकर्ताओं को प्रियंका का संदेश

कांग्रेस महासचिव के तौर पर उत्तर प्रदेश की अपनी पहली यात्रा से एक दिन पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राज्य के लोगों के साथ मिल कर वह ‘‘नयी तरह की राजनीति’’ शुरू करने की उम्मीद करती हैं, जिसमें हर किसी की हिस्सेदारी होगी। प्रियंका ने कांग्रेस के शक्ति ऐप के जरिए कहा, ‘‘मैं आप सब से मिलने के लिए कल लखनऊ आ रही हूं। मुझे उम्मीद है कि साथ मिल कर हम नयी तरह की राजनीति शुरू करेंगे, ऐसी राजनीति जिसमें आप सब हितधारक होंगे...मेरे युवा मित्रों, मेरी बहनों और यहां तक कि सबसे कमजोर व्यक्ति, सबकी आवाज सुनी जाएगी।’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘आइए, एक नये भविष्य का निर्माण करें, मेरे साथ नयी राजनीति करें। धन्यवाद।’

तीन दिन तक लोकसभा कार्यकर्ताओं से करेंगी मुलाकात

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के बाद प्रियंका नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा में जुट जाएंगी। लखनऊ पहुंचने के बाद उनका अगले तीन दिन का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। 12 से 14 फरवरी को प्रियंका हर लोकसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से दिनभर मुलाकात करेंगी। प्रियंका ने 12 और 13 फरवरी को हर लोकसभा सीट के लिए एक-एक घंटे तय किए हैं। इस दौरान स्थानीय नेता सीधे प्रियंका गांधी से मुलाकात करेंगे। दौरे के आखिरी दिन यानी 14 फरवरी को सुबह 10 बजे से बैठक होगी। प्रियंका सीतापुर के लोगों से सबसे पहले मुलाकात करेंगी। इस दौर में वो घोसी, आजमगढ़, जौनपुर और बलिया के लोगों से रूबरू होंगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement