Advertisement

पीएम मोदी चाहते हैं 'डरा हुआ' भारत, कमजोर लोग: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को झारखंड की एक रैली में पीएम मोदी पर हमला करते हुए...
पीएम मोदी चाहते हैं 'डरा हुआ' भारत, कमजोर लोग: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को झारखंड की एक रैली में पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि वह एक ऐसा भारत चाहते हैं जो डरा हुआ हो और यहां के लोग कमजोर और विभाजित हों। उन्होंने कहा कि मोदी केवल धर्म, जाति और क्षेत्र के आधार पर लोगों को विभाजित करके प्रधान मंत्री बने हैं।

महंगाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम को छोड़कर पूरे हिंदुस्तान को देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के बारे में पता है लेकिन शायद पीएम मोदी दूसरी दुनिया में रहते हैं, इसिलए वे इस महंगाई से अनजान हैं। उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि मुद्रास्फीति बढ़ रही है। किसान, मजदूर, दुकानदार और युवा दुखी हैं, लेकिन अडानी काफी खुश हैं क्योंकि नरेंद्र मोदी भारत के 15-20 उद्योगपतियों को पैसा देते हैं। यह पैसा भारत के लोगों का है। यह झारखंड का है।

'काले को सफेद में बदलने का मौका दिया'

नोटबंदी की आलोचना करते हुए, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधान मंत्री ने आम लोगों की जेब से "पैसे" छीन लिए और "उद्योगपतियों" को दे दिए। नोटबंदी के दौरान, आम लोग बैंक की कतारों में थे और ये बड़े उद्योगपति अपने काले धन को सफेद कर रहे थे। मोदी ने उन्हें ऐसा करने का मौका दिया।"

'अधिग्रहण बिल का मोदी ने किया विरोध'

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने संसद में भूमि अधिग्रहण बिल का विरोध किया था। हम भूमि अधिग्रहण बिल लाए। जिसमें साफ कहा गया है कि आदिवासियों, किसानों, गरीबों से पूछे बिना, उनकी जमीन नहीं ली जाएगी। उनकी जमीन का मुआवजा बाजार  दर पर दिया जाएगा लेकिन पीएम मोदी ने इसका विरोध किया।

कर्ज माफी का किया वादा 

कृषि कर्ज माफी के वादे को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि अगर झारखंड में पार्टी सत्ता में आती है तो इसे बढ़ाया जाएगा। अगर झारखंड में पार्टी सत्ता में आती है तो मेरा वादा है कि राज्य के किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।

इस बीच, राज्य के कुल 81 निर्वाचन क्षेत्रों में से 17 में राज्य विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए वोट डाले गए। भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गठबंधन में चुनाव लड़ रही है जबकि भाजपा मुख्यमंत्री रघुबर दास के नेतृत्व में सत्ता में वापसी की बात कर रही है। राज्य में 30 नवंबर को पहले और 7 दिसंबर को दूसरे चरण का चुनाव हुआ था। पांचवा चरण का चुनाव 20 दिसंबर को होगा। नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad