Advertisement

डिनर के बहाने सोनिया के घर जुटे विपक्षी दलों के दिग्गज

विपक्ष ने 2019 के आम चुनाव के पहले भाजपा और मोदी सरकार को घेरने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी के तहत...
डिनर के बहाने सोनिया के घर जुटे विपक्षी दलों के दिग्गज

विपक्ष ने 2019 के आम चुनाव के पहले भाजपा और मोदी सरकार को घेरने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी के तहत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के दिल्ली के 10 जनपथ स्थित आवास पर आज लगभग डेढ़ दर्जन विपक्षी दलों के दिग्गजों का जमावड़ा लगा। ये नेता सोनिया गांधी के आमंत्रण पर डिनर के लिए जुटे थे। इस मौके पर विपक्षी एकता को मजबूत करने पर चर्चा हुई। नेताओं ने केंद्र की राजग सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होने की भी तैयारी की।


जदयू से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) अध्यक्ष शरद पवार, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, बसपा के सतीश मिश्रा और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजित सिंह की मौजूदगी से विपक्षी एकता को बल मिला। तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी ने अपने प्रतिनिधि सुदीप बंदोपाध्याय को डिनर में भाग लेने के लिए भेजा। कांग्रेस अध्य़क्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, अहमद पटेल, एके एंटनी और रणदीप सुरजेवाला मौजूद थे।

डिनर में पहुंचने वालों में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव उनकी बहन मीसा भारती, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हाल ही में गठबंधन में शामिल हुए हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला प्रमुख थे।


इनके अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, डीएमके की कनिमोझी और एआइयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल, एनसीपी के तारिक अनवर भी सोनिया गांधी के आवास पर पहुंचे। झामुमो के हेमंत सोरेन, सीपीआइ के डी राजा, आरएसपी के रामचंद्रन आदि भी पहुंचे।

इस डिनर के बाद आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों की एकता को बल मिल सकता है। सोनिया गांधी पहले ही आम चुनाव को लेकर विपक्षी दलों से मतभेद भुलाकर साथ आने की अपील कर चुकी हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement