Advertisement

मोदी ने अखिलेश, लालू, मायावती को नहीं छोड़ा तो हम क्यों छोड़ेंगे: ममता बनर्जी

लोकसभा चुनाव से पहले कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में तृणमूल कांग्रेस की अगुआई में महारैली का आयोजन...
मोदी ने अखिलेश, लालू, मायावती को नहीं छोड़ा तो हम क्यों छोड़ेंगे: ममता बनर्जी

लोकसभा चुनाव से पहले कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में तृणमूल कांग्रेस की अगुआई में महारैली का आयोजन किया गया है। इसमें 20 विपक्षी दलों के दिग्गज पहुंचे हैं और मंच साझा कर मोदी सरकार के खिलाफ बिगुल बजाया है। इस रैली को केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। रैली की शुरुआत करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और आयोजक ममता बनर्जी ने कहा कि सभी नेता आ चुके हैं। रैली एक बजे होनी थी लेकिन तय समय से एक घंटे पहले शुरू कर रहे हैं। भाजपा के बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, आरएलडी के जयंत चौधरी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारुक अब्दुल्ला, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं ने भाजपा और मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मोदी ने किसी को नहीं छोड़ा तो फिर हम क्यों छोड़ेंगेः ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मोदी सरकार की समाप्ति का समय आ गया है। उन्हें बताना है कि उनका समय पूरा हो गया है। मंच पर पूरा हिंदुस्तान दिख रहा है। मोदी जी को लगता है कि वही बस ईमानदार है बाकी सब बेईमान है। मोदी सरकार ने सभी संस्थाओं को बर्बाद कर दिया और किसी को नहीं छोड़ा। उन्होंने लालू, अखिलेश और मायावती को नहीं छोड़ा, तो हम लोग आपको क्यों छोड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि जब मौसम बदलता हो तो भाजपा की सरकार क्यों नहीं बदलेगी। मोदी सरकार ने नई नौकरी देने के बजाए लोगों की नौकरी छीन ली। उन्होंने कहा कि हम मिलकर चुनाव लड़ें। प्रधानमंत्री कौन होगा ये लोकसभा चुनाव के बाद भी तय हो सकता है।

ममता बनर्जी ने कहा कि जो पार्टी अपने लोगों को एक साथ लेकर नहीं चल सकती तो वो देश को लेकर क्या चलेगी। देश हिंदू, मुसलमान, सिख और ईसाई से मिलकर बना है। उन्होंने कहा कि भाजपा रैली के जरिए बंगाल में हिंसा-फसाद कराना चाहती थी, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।

 भाजपा ने सीबीआई और ईडी से किया है गठबंधन: अखिलेश यादव

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा कि जो बात बंगाल से चलेगी वो देश में दिखाई देगी। लोग सोचते थे कि हमारा गठबंधन नहीं होगा लेकिन गठबंधन हो गया। उन्होंने कहा कि हमने गठबंधन का तरीका भाजपा से ही सीखा है। चुनाव आते-आते भाजपा सीबीआई और ईडी से गठबंधन कर रही है और हम लोग जनता की आवाज से गठबंधन कर रहे हैं। हमारे सहयोगी दलों के मिलने के बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा को डर लग रहा है। भाजपा ने समाज में जहर घोलने का काम किया।  

सच कहना बगावत है तो समझो मैं भी बागी हूः शत्रुघ्न 

शत्रुघ्न सिन्हा ने ममता की रैली में कहा कि देश बदलाव चाहता है। मुझसे लोग कहते हैं कि मैं भाजपा के खिलाफ बोलता हूं, लेकिन अगर सच कहना बगावत है तो समझो मैं भी बागी हूं। हो सकता है कि इस रैली के बाद मैं भाजपा में नहीं रहूं। उन्होंने कहा कि  लोकसभा चुनाव का वक्त है. चुनाव में कुछ हफ्ते रह गए हैं, अब फिर से वादों का दौर शुरू हो जाएगा। जो वादे किए थे अगर उन पर सवाल किया जाए तो अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा उठा दिया जाएगा।

यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने की हैः यशवंत सिन्हा

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि सवाल एक व्यक्ति को हटाने का नहीं सोच का है। मोदी सरकार ने हर लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म बर्बाद करने में लगी है। मोदी को मुद्दा न बनाएं, मुद्दों को मुद्दा बनाएं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने की है। कश्मीर की समस्या का समाधान गोली से नहीं बोली से होगा। 

सिन्हा ने कहा कि मुझे पाकिस्तान का एजेंट भी कहा गया लेकिन क्या प्यार की बात करना देशद्रोह है। मेरा एक उद्देश्य है, एक लड़ाई बाकी है वो है इस सरकार को सत्ता से बाहर करना। इसके लिए जरूरी है कि मंच पर उपस्थित नेता तय करें कि आगामी चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ हर सीट पर सिर्फ एक उम्मीदवार खड़ा होगा। मोदी सरकार ने सबका साथ तो लिया लेकिन विकास के नाम पर सबका विनाश किया। देश के किसी भी संस्थान को बर्बाद करने में इन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी है।

 देश की संस्थाओं पर हो रहा है हमलाः शरद पवार

 राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि देश की संस्थाओं पर हमला हो रहा है। अंबेडकर के बनाए संविधान पर हमला हो रहा है। सभी पर मोदी सरकार के माध्यम से हमले किए जा रहे हैं। मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी का कदम उठाया, जिससे लोग परेशान हुए। आज किसान आत्महत्या के रास्ते पर जा रहा है। उद्योग बंद हो रहे हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है और यह परिस्थिति जिन्होंने पैदा की उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकने की जिम्मेदारी हमारी और आपकी है। भाजपा के लोग कहते हैं कि हम पीएम पद के लिए लड़ेंगे लेकिन हम यहां पद की लड़ाई के लिए नहीं बल्कि मोदी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए साथ आए हैं।

जो काम पाक नहीं कर सका वो मोदी ने कर दियाः केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी और शाह ने पांच साल में इस देश में जहर फैला दिया। जो पाकिस्तान 70 साल में नहीं कर पाया वो इन्होंने कर दिया। उन्होंने कहा कि यह जोड़ी देश को बर्बाद कर देगी। मैं जितना सोचता हूं उतना ही कांपने लगता हूं। अगर यह जोड़ी 2019 में दोबारा आ गई तो देश को बर्बाद कर देंगे। यह देश के टुकड़े -टुकड़े कर देंगे। केजरीवाल ने अपील की कि हमें मोदी और अमित शाह की जोड़ी को दिल्ली की सत्ता से उखाड़ कर फेंकना है।

थानेदार है देश की जनताः तेजस्वी यादव

ममता के मंच से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें देश को जोड़ना का काम करना चाहिए। भाजपा भगाओ, देश बचाओ का वक्त आ गया है। चौकीदार जी जान लें कि थानेदार देश की जनता है। नरेंद्र मोदी-अमित शाह से हाथ मिलाने वाले लोग राजा हरीशचंद्र हैं। हमारी अनेकता में एकता है. हम सब मिलकर देश को तरक्की की राह पर ले जाने का काम करेंगे।

2019 में मिलेगा नया पीएम: नायडू

 आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने ममता के मंच से भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम ने कई वादे किए लेकिन कुछ भी पूरा नहीं हुआ।. वो पब्लिसिटी पीएम हैं न कि परफॉर्मिंग पीएम। उन्होंने कहा कि एमएसपी का वादा करके मोदी सरकार देना भूल गई। राफेल पर उन्होंने मोदी सरकार पर गलत एफेडेविड देने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भ्रष्टाचार के मामले में टॉप पर है। नोटबंदी के फैसले पर उन्होंने कहा कि फैसले के सारे एटीएम खाली हो गए लोगों को बैंक से भी खाली हाथ लौटना पड़ा। आर्थिक विकास के गर्त में जाने के कारण देश में नौकरी न के बराबर रह गई है। संघीय व्यवस्था में भी मोदी सरकार दखलअंदाजी कर रही है। राज्यों को परेशान करने का काम किया गया। सीबीआई, ईडी और अन्य संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है. उन्होंने ईवीएम से चुनाव का भी विरोध करते हुए कहा कि पारदर्शी चुनाव हो इसके लिए हमें पेपर बैलेट पर उतरना होगा। 2019 में हमें एक नया प्रधानमंत्री मिलेगा।

पहले मोदी सरकार को हटाने के बारे में सोचेंः फारुक अब्दुल्ला

नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि देश में लोगों को बांटने का काम हो रहा है। आज जम्मू कश्मीर जिस हालत में है उसकी जिम्मेदार भी भाजपा है। उन्होंने कहा कि जिसे आप ईवीएम कहते हैं वो चोर मशीन है, इसे खत्म करना चाहिए। इससे चुनाव में चोरी की जाती है। इसके लिए हम सभी नेताओं को एक होकर चुनाव आयोग जाना चाहिए। यह सरकार महिला आरक्षण बिल पर मौन रहती है और तीन तलाक पर आवाज बुलंद कर देती है। हमें सरकार की मंशा को समझना होगा। हमें भारत को मजबूत करना होगा। सभी दल के नेता यह न सोचें कि कौन प्रधानमंत्री बनेगा बल्कि पहले उन्हें यह सोचना चाहिए कि मोदी सरकार को कैसे हटाना है।

हर संस्था को बर्बाद कर रही है सरकारः शरद यादव

शरद यादव ने कहा कि नोटबंदी के कारण देश की अर्थव्यवस्था कई साल पीछे चली गई है। कहा था कि दो करोड़ रोजगार देंगे लेकिन कितनों को मिला। केंद्र की सरकार हर संस्था को बर्बाद कर रही है। भारत की आजादी में जितनी कुर्बानी बंगाल ने दी है देश के किसी राज्य ने नहीं दी है। 2019 में केंद्र की सरकार बंगाल की खाड़ी बहाने का काम करेंगे। देश की आजादी खतरे में है। व्यापार और किसान खतरे में हैं। सभी पार्टी के नेताओं को गोलबंद होना पड़ेगा। उन्होंने अपील की कि जनता भी फूट डालने वाले लोगों को हराने का काम करें।

मोदी को हटाने के लिए एक हुए सपा-बसपा

 बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। सरकार बनने से पहले बहुत सारे वादे किए और सत्ता पर काबिज होने के बाद सभी वादों को भूल गए। किसान, गरीब, मजदूरों और दलितों को परेशान किया है। करोड़ों लोगों को इनके कामों की वजह से बेरोजगार होना पड़ा है। केंद्र की सरकार ने कई कारखाने बंद करवा दिये। इसलिए ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना जरूरी है। इसके लिए विपक्ष को एक होना है और सपा-बसपा ने गठबंधन कर इसकी शुरुआत कर दी है।

मोदी-शाह से लोगों का ऐतबार उठ गया है: शौरी

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी ने कहा कि राफेल जैसा घोटाला किसी सरकार में नहीं हुआ। ऐसी झूठ बोलने वाली सरकार कभी नहीं आई। इस सरकार ने हर संस्था को बर्बाद करने की जिद पकड़ रखी है। मोदी-शाह से लोगों का ऐतबार उठ गया है।  मोदी समझ गए हैं कि सत्ता से उनकी पकड़ हिल गई है।

उन्होंने कहा कि अरुण शौरी ने कहा कि हम अकेले होकर लड़गें तो मोदी सरकार को देश बर्बाद करने से नहीं रोक पाएंगे। अगर हम गुजरात में भी एक साथ मिलकर लड़े होते तो नतीजे कुछ और होते। ठीक उसी तरह मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी एकजुट होते तो और बेहतर होता। बंगाल की शेरनी ने विपक्ष को एकजुट करने का काम लिया है।

सुभाष बाबू लड़े थे गोरों से हम लड़ेंगे चोरों सेः हार्दिक पटेल

पाटीदार  नेता हार्दिक पटेल के महारैली में सबसे पहले बोलने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए विपक्ष एकजुट है। उन्होंने कहा कि सुभाष बाबू लड़े थे गोरों से, हम लड़ेंगे चोरों से।

अच्छे दिन लाना है तो मोदी को भगाना हैः जयंत चौधरी

अजित सिंह चौधरी के बेटे जयंत चौधरी ने कहा कि यह रैली नहीं रैला है। निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए जनता के पैसों को लूटा जा रहा है। नेता जिद्दी भी होता है। चौधरी चरण सिंह किसानों के लिए जिद्दी थे। ममता कोलकाता के लिए जिद्दी हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन लाना है तो मोदी को भगाना है। विपक्षी दल कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और भाजपा के तंबू को उखाड़ फेकेंगे।

संविधान विरोधी ताकतों को हराना होगाः कांग्रेस

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने ममता द्वारा आयोजित इस महारैली में मंच से भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इस सभा के लिए एक संदेश भेजा है कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को खतरा है। संविधान के खिलाफ काम करने वाली ताकतों को हराना होगा।

वहीं, कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि आज 22 पार्टियों का इंद्रधनुष बना है। रंग अलग होते हुए भी विपक्ष एक इंद्रधनुष है। उन्होंने नारा लगाया कि जनता की यही पुकार अब नहीं चाहिए मोदी सरकार। उन्होंने कहा कि वोट विभाजन का सबसे ज्यादा फायदा भाजपा को मिलता है इसलिए यह जरूरी है कि इस मंच पर मौजूद नेताओं को वोट विभाजन को रोकना होगा।

संविधान को खत्म करने की हो रही कोशिशः जिग्नेश

जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि देश बुरे दौर से गुजर रहा है। विपक्ष का एकजुट होना बड़ा संदेश है। देश में किसान, मजदूर और दलितों का शोषण हो रहा है। संविधान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

जवाब देंगे क्षेत्रीय दल: हेमंत सोरेन

झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि क्षेत्रीय दल सांप्रदायिक ताकतों को जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों और आदिवासियों का शोषण हुआ है। अरूणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री गेगोंग अपांग ने महारैली में कहा कि पिछले चार साल में भारतीय लोकतंत्र के लिए कई बार परीक्षण हुए हैं।

राहुल गांधी ने दिया समर्थन

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी  को पत्र लिख कर समर्थन की बात कही है। रैली से एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विपक्षी एकजुटता के ममता बनर्जी के प्रयास का समर्थन करते हुए शुक्रवार को उम्मीद जताई कि इस रैली से एकजुट भारत का शक्तिशाली सन्देश जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा विपक्ष इस विश्वास के प्रति एकजुट है कि सच्चे राष्ट्रवाद और विकास की रक्षा लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता जैसे उन मूल्यों के आधार पर करनी है जिनको नरेंद्र मोदी सरकार नष्ट कर रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad