Advertisement

छत्तीसगढ़ के मंत्री की थाईलैंड यात्रा पर नेता प्रतिपक्ष का तंज, दुनिया जानती है वहां के बारे में

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव की थाईलैंड यात्रा को लेकर खासा बवाल मच गया है। भाजपा...
छत्तीसगढ़ के मंत्री की थाईलैंड यात्रा पर नेता प्रतिपक्ष का तंज, दुनिया जानती है वहां के बारे में

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव की थाईलैंड यात्रा को लेकर खासा बवाल मच गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, लगता है कि थाईलैंड का चयन अधिकारियों ने केवल सैर सपाटा करने के लिए किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘दुनिया जानती है थाईलैंड में क्या होता है?’

प्रदेश में इस मुद्दे पर  भाजपा और कांग्रेस की लड़ाई दिलचस्प होती जा रही है। भाजपा और कांग्रेस के नेता एक दूसरे पर वार-प्रतिवार कर रहे हैं। कांग्रेस के महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि यह सवाल कौशिक उस समय खड़ा करते तो बेहतर होता जब भाजपा के मंत्री थाईलैंड जाते थे। नेता प्रतिपक्ष की स्वास्थ्य मंत्री के थाईलैंड दौरे को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस के मंत्री टी एस सिंहदेव और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के पीआरओ देवेंद्र गुप्ता ने मोर्चा खोल दिया है।

'सिम्स हादसे पर सरकार असंवेदनशील'

नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने दौरे पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि बिलासपुर के सिम्स हादसे में चार बच्चे नहीं रहे और 16 नवजात जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन मंत्री विदेशी दौरे पर हैं। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि प्रदेश में इलाज की व्यवस्था ने दम तोड़ दिया है। सरकार की लापरवाही का आलम यह है कि अब तक दुर्घटना के प्रभावितों और पीड़ितों को मुआवजा या क्षतिपूर्ति तक नहीं दी गई है। असंवेदनशील सरकार ने इसकी घोषणा तक करने की जरूरत नहीं समझी है। यह सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आश्चर्य की बात है कि विश्व में श्रेष्ठ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिन देशों को जाना जाता है वहां के हेल्थ सिस्टम का अध्ययन न करके सिंहदेव और अधिकारी उस देश में गए जो अन्य वजहों से पूरे दुनिया में विख्यात है।

हम यहां काम करने आए हैं: टीएस  

मंत्री टीएस सिंह देव ने कहा कि मैं सिर्फ इतना ही कह सकता हूं कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के स्तर का बयान नहीं है। हम तो यहां काम करने आए हैं। यहां यह पॉलिसी 2002 से लागू है। यहां की लगभग सौ फीसदी आबादी इससे लाभान्वित है। अभी हाल ही में यहां चुनाव के पहले कराए गए सर्वे में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि 90 फीसदी लोगों ने इसे चुनाव का सबसे प्रमुख मुद्दा बताया है।

देवेंद्र गुप्ता ने भी किया तीखा प्रहार  

भाजपा से जुड़े देवेंद्र गुप्ता ने फेसबुक पर पोस्ट किया कि जिसका चाल, चरित्र और चेहरा जैसा रहेगा वैसा ही उसे चारों ओर नजर आएगा। गुप्ता ने पहले भी  कौशिक पर विधानसभा चुनाव में हार का ठीकरा फोड़ते हुए पार्टी के भीतर आंतरिक लोकतंत्र खत्म करने का आरोप लगाया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad