Advertisement

प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर साधा निशाना, कहा- अगर कोरोना के केस नहीं बढ़ रहे तो मृत्युदर ज्यादा क्यों

देश भर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। कांग्रेस महासचिव...
प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार  पर साधा निशाना, कहा- अगर कोरोना के केस नहीं बढ़ रहे तो मृत्युदर ज्यादा क्यों

देश भर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कोरोना वायरस से होने वाली मौंतों को लेकर यूपी सरकार को घेरा है। उन्होंने सवाल किया कि अगर प्रदेश में कोरोना के मामले नहीं बढ़ रहे हैं तो मृत्युदर इतनी ज्यादा क्यों है। देश में 15 जिलों में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें हुई है, इनमें चार जिले यूपी के हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा, 'कोरोना से सबसे अधिक मृत्युदर वाले 15 जिलों में 4 जिले यूपी के हैं। झांसी में हर 10 कोरोना पीड़ित में एक की मौत, मेरठ में हर 11 में एक कोरोना पीड़ित की मौत, आगरा और एटा में हर 14 कोरोना पीड़ित में एक की मौत हुई है। सोचने वाली बात है अगर केस बढ़ नहीं रहे तो मृत्युदर इतनी ज्यादा क्यों है।

आगरा में मृत्यु दर को लेकर साधा था निशाना

मंगलवार को प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर आगरा में कोरोना से होने वाली सबसे ज्यादा मौतों पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 48 घंटों के भीतर स्पष्ट करना चाहिए कि "लोगों को इन विपरीत परिस्थितियों में धकेलने" के लिए कौन जिम्मेदार था। एक मीडिया रिपोर्ट को टैग करते हुए, उन्होंने कहा था कि आगरा में कोविड-19 की मृत्यु दर 6.8 प्रतिशत थी, जो दिल्ली और मुंबई से अधिक थी।

कम मामले दर्ज होने का किया था दावा

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में संक्रमण के मामलों में कमी दर्ज की गई है। प्रदेश में संक्रमित मरीजों के सक्रिय मामलों की संख्या में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। कोरोना महामारी से जूझ रहे अन्य राज्यों के मुकाबले उत्तर प्रदेश की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उनके मुताबिक प्रदेश में अब तक 11 हजार से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में ठीक हो रहे मरीजों का प्रतिशत बढ़कर 63.31 हो गया है। प्रदेश में संक्रमण की चपेट में आने से अब तक 569 लोगों की मौत हो चुकी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad