Advertisement

आखिरी चरण के लिए आज थमा चुनाव प्रचार, पीएम मोदी समेत इन चेहरों पर नजर

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिये शुक्रवार शाम छह बजे प्रचार अभियान थम गया। मतदान 19 मई को...
आखिरी चरण के लिए आज थमा चुनाव प्रचार, पीएम मोदी समेत इन चेहरों पर नजर

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिये शुक्रवार शाम छह बजे प्रचार अभियान थम गया। मतदान 19 मई को होगा। वहीं, कोलकाता में हुई हिंसा क बाद चुनाव आयोग के आदेश पर पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कल रात ही रुक गया। आखिरी चरण में सबसे अहम सीट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाराणसी लोकसभा सीट है, जहां से वह एक बार फिर उम्मीदवार हैं।

इस चरण में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, रामकृपाल यादव, मनोज सिन्हा, राजकुमार सिंह, हरसिमरत कौर बादल, हरदीप सिंह पुरी, कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा, राजद प्रमुख की पुत्री मीसा भारती, मनीष तिवारी, सनी देओल, सुखवीर कौर, डा महेंद्र नाथ पांडेय, रविकिशन, कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी प्रनीत कौर, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की प्रतिष्ठा दांव भी पर है।

2014 के पिछले लोक सभा चुनाव के नतीजों की बात करें तो 59 सीटों में से एनडीए को 39, यूपीए को 7 और अन्य को 13 सीटें मिली थीं। अकेले भाजपा ने 33 सीटें हासिल की थीं। इस बार भाजपा को फिर से इन सीटों पर कब्जा बनाने की चुनौती होगी।

बिहारः यहां 8 लोक सभा सीटों नालंदा, पटना साहिब, पटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकट और जेहानाबाद में चुनाव हो रहा है। इनमें 2014 में भाजपा को 5,आरएलएसपी को 2 और जेडीयू के 1 सीट मिली थीं। पटना साहिब में भाजपा के केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद और कांग्रेस के शत्रुघन सिन्हा, पाटलीपुत्र में भाजपा के केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव और राजद की मीसा भारती के बीच मुकाबला है। मीसा भारती राजद प्रमुख लालू प्रसाद की पुत्री हैं और पिछले चुनाव में भाजपा के राम कृपाल यादव से हार गई थीं। आरा से भाजपा के केंद्रीय मंत्री राज कुमार सिंह फिर से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

झारखंडः यहां राजमहल, दुमका और गोड्डा में चुनाव हो रहा है। पिछले चुनाव में गोड्डा सीट पर भाजपा,  राजमहल और दुमका सीट पर शिबू सोरेन की जेएमएम की जीत हुई थी। शिबू सोरेन दुमका से 2004 से सांसद हैं और अबकी बार भी चुनाव लड़ रहे हैं तो गोड्डा से भाजपा के निशिकांत दुबे फिर से मैदान में हैं।

मध्य प्रदेशः यहां 8 सीटों देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन और खंडवा  में चुनाव हो रहा है और पिछले चुनावों में सभी आठों सीट पर भाजपा जीती थी। इंदौर से लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन लगातार 8 बार जीत का रेकॉर्ड बना चुकी हैं लेकिन अबकी बार वह चुनाव नहीं लड़ रही हैं।

पंजाबः यहां 13 सीटों गुरदासपुर, अमृतसर, खदूर साहिब, जालंधर, होशियारपुर, आनंदपुर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, फिरोजपुर, भटिंडा, संगरूर और पटियाला में चुनाव हो रहा है। पिछले चुनाव में शिरोमणि अकाली दल (एएसडी) ने 4, भाजपा ने 2, आप ने 4 और कांग्रेस ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की थी। यहां गुरदासपुर से भाजपा के सन्नी देओल, भटिंडा से एसएडी की केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, फिरोजपुर से एसएडी के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर बादल, अमृतसर से भाजपा के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिह पुरी, पटियाला से कांग्रेस के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रनीत कौर और आनंदपुर साहिब से कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी मैदान में हैं।

उत्तर प्रदेशः यहां पूर्वांचल की 13 सीटों महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देओरिया। बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर और रोबर्ट गंज में चुनाव हो रहा है। पिछले चुनाव में 12 सीटों पर भाजपा और एक सीट पर अपना दल ने जीत दर्ज की थी। सपा 8 और बसपा 5 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा 11 और उसकी सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) मिर्जापुर व राबर्ट्सगंज सीटों पर चुनाव मैदान में है। कांग्रेस 11 और उसकी सहयोगी जनअधिकार पार्टी एक सीट पर लड़ रही है।

यहां वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा गाजीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। अपना दल की नेता और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर से तो प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी के गृह क्षेत्र गोरखपुर से भोजपुरी अभिनेता रवि किशन भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं। चंदौली से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, देवरिया में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी और कुशीनगर में पूर्व मंत्री आरपीएन सिंह मैदान में हैं।

पश्चिम बंगालः यहां 9 सीटों दम दम, बरसत, बसिरहाट, जयनगर, मथुरापुर, डायमोंड हार्बर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण और कोलकाता उत्तर में चुनाव हो रहा है। पिछले चुनाव में सभी सीटों पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने जीत दर्ज की थी। प्रमुख मुकाबला कोलकाता उत्तर में टीएमसी के सुदीप बंदोपाध्याय और भाजपा के राहुल सिन्हा, कोलकाता दक्षिण में भाजपा के चंद्र कुमार बोस और टीएमसी के माला रॉय, डायमंड हार्बर में ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और भाजपा के नीलांजन रॉय के बीच है।

हिमाचल प्रदेशः यहां 4 सीटों कांगरा, मंडी, हमीरपुर और शिमला में चुनाव हो रहा है और सभी पर भाजपा जीती थी। भाजपा के अनुराग सिंह ठाकुर हमीरपुर लोक सभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और इस सीट से लगातार 2009 से सांसद हैं।

चंडीगढ़ः यहां से भाजपा की किरण खेर फिर से मैदान में हैं। उन्होंने पिछली बार कांग्रेस के पवन कुमार बंसल को हराया था। बंसल 1999 से 2014 तक लगातार 15 सालों तक यहां के सांसद रहे हैं।

इससे पहले 12 मई को छठे चरण में 7 राज्यों की 59 सीटों पर वोट डाले गए। लोकसभा चुनाव के लिए सभी 543  सीटों के नतीजे 23 मई को घोषित होंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad