Advertisement

मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में पहली बैठक, गुजरात चुनाव पर अहम चर्चा

कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति...
मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में पहली बैठक, गुजरात चुनाव पर अहम चर्चा

कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के साथ पहली बैठक की। पदभार संभालते ही उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद रहीं।

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की तीन बैठकें हो चुकी हैं। कांग्रेस वर्तमान समय में गुजरात में भाजपा और आम आदमी पार्टी की की चुनौती का सामना कर रही है और उसे राज्य में खुद को स्थापित करना है। गुजरात में बीजेपी 1998 से लगातार सत्ता में है।

खड़गे को आज राजधानी दिल्ली में स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में औपचारिक रूप से निर्वाचन पत्र सौंपा गया और इसी के साथ उन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया। खड़गे ने निर्वाचन पत्र सौंपे जाने के बाद कहा कि यह उनके लिए एक भावुक पल है और वह एक मजदूर के बेटे एवं साधारण कार्यकर्ता को पार्टी का अध्यक्ष बनाने के लिए कांग्रेस के नेताओं का आभार व्यक्त करते हैं।

पार्टी अध्यक्ष का पद संभालते ही खड़गे ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को साफ कर दिया कि हम 'डरो मत' की राह पर चलेंगे। राहुल गांधी लोकसभा में इसका जिक्र कर चुके हैं। इसके साथ ही अध्यक्ष पद संभालते ही उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, कौन जानता था कि देश की राजनिति में झूठ का बोलबाला होगा। न्यू इंडिया में झूठ को सच बनाया जा रहा है। गोडसे को देशभक्त और गांधी को गाली दी जा रही है। कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी, हम लड़ते रहेंगे। न्यू इंडिया बनाने के लिए वो कांग्रेस मुक्त भारत चाहते हैं, लेकिन हम उनको ऐसा नहीं करने देंगे, झूठ फरेब और नफरत का ये तंत्र हम तोड़ कर रहेंगे।

बता दें कि 80 वर्षीय खड़गे ने 17 अक्टूबर को हुए ऐतिहासिक चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी 66 वर्षीय शशि थरूर को मात दी थी। पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ था। इसमें 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad