Advertisement

कांग्रेस-जेडीएस का गठबंधन जनता के साथ धोखा हैः अमित शाह

कर्नाटक में भाजपा सरकार के फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित नहीं कर पाने के बाद पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस...
कांग्रेस-जेडीएस का गठबंधन जनता के साथ धोखा हैः अमित शाह

कर्नाटक में भाजपा सरकार के फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित नहीं कर पाने के बाद पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सोमवार को अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-जेडीएस का गठबंधन एक अपवित्र गठबंधन है। यह जनता से साथ धोखा है लेकिन भाजपा 2019 में पूरे बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

पार्टी मुख्यालय पर मीडिया से मुखातिब होते हुए अमित शाह ने कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन को जनादेश के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में पिछले चुनाव में हमने 40 सीटें हासिल की थीं, अब 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरे हैं। हमारी पार्टी के वोट शेयर में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जेडीएस किस बात का जश्न मना रहे हैं। जेडीएस की अधिकतर सीटों पर जमानत जब्त हुई। कांग्रेस की 122 सीटों से घटकर 78 हो गई हैं, उनके आधे से ज्यादा मंत्री चुनाव हार गए, उनके मुख्यमंत्री तक हार गए।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने धनबल का प्रयोग किया और वोटों के लिए कर्नाटक की जनता को धर्म-जाति के आधार पर बांटने की कोशिश की लेकिन यह अच्छा है कि इस आधी-अधूरी जीत से कांग्रेस का लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास बढ़ा है। अब वे चुनाव आयोग पर भरोसा करने लगे हैं, सुप्रीम कोर्ट के जजों की प्रशंसा कर रहे हैं और ईवीएम पर भी उनका भरोसा कायम हो गया है, यह लोकतंत्र के लिए अच्छी बात है। उन्होंने कांग्रेस के होर्स ट्रेडिंग के आरोप को नकारते हुए कहा कि हमने खरीद फरोख्त की कोशिश नहीं की। अगर कांग्रेस ने अपने विधायकों को फाइव स्टार होटल में नहीं रोका होता और उन्हें विजयी जुलूस निकालने देती तो जनता विधायकों को बता देती कि विश्वास मत में कहां वोट डालना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह सुप्रीम कोर्ट में यह झूठ बोला कि येदियुरप्पा ने सात दिनों का राज्यपाल से समय मांगा है। कांग्रेस के पास अगर कोई सबूत है तो वह लेटर दिखाए।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गोवा और मणिपुर में कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा ही नहीं किया था। इस वजह से राज्यपाल ने इन दोनों जगहों पर दूसरे सबसे बड़े दल को सरकार बनाने के लिए बुलाया। कांग्रेस ने 50 चुनी हुई राज्य सरकारों को गिराया, आज कांग्रेस किस मुंह से लोकतंत्र की बात करती है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad