Advertisement

विधानसभा उपचुनाव: जींद सीट पर भाजपा के कृष्ण मिड्ढा जीते, कांग्रेस के सुरजेवाला को मिली हार

हरियाणा की जींद विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। भाजपा उम्मीदवार कृष्ण...
विधानसभा उपचुनाव: जींद सीट पर भाजपा के कृष्ण मिड्ढा जीते, कांग्रेस के सुरजेवाला को मिली हार

हरियाणा की जींद विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। भाजपा उम्मीदवार कृष्ण मिड्ढा ने निकटतम प्रतिद्वंदी जेपीपी के दिग्विजय चौटाला को 12935 वोटों से हराया है। जबकि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, राजस्थान की रामगढ़ सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने कब्जा जमाया है। इस जीत के साथ ही विधानसभा में कांग्रेस का आंकड़ा 100 हो गया है। 

कांग्रेस की साफिया ने 12228 वोटों से हराया

रामगढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस की साफिया जुबैर ने 12228 वोटों से जीत हासिल कर ली है। साफिया को कुल 83311 तथा भाजपा के सुशवंत सिंह को 71083 वोट मिले।

लोगों ने सही फैसला कियाः गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रामगढ़ सीट पर चुनाव में कांग्रेस की जीत पर कहा, 'खुश हूं कि लोगों ने सोच-समझकर कदम उठाया। उन्होंने सही फैसला किया है। उनका शुक्रिया करता हूं। उन्होंने कतई सही समय पर संदेश दिया है, जो लोकसभा चुनाव में पार्टी को प्रोत्साहित करेगा।'

बसपा प्रत्याशी के निधन से स्थगित हुए थे चुनाव

यहां राजस्थान विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। 

राजस्थान की 200 में 199 सीटों पर दिसंबर में हुए चुुनावों में भाजपा ने 73 सीटों, बसपा ने छह सीटों पर जीत हासिल की थी और कांग्रेस को 99 सीटें मिली थीं जबकि एक सीट सहयोगी आरएलडी को मिली। कांग्रेस बहुमत से एक सीट दूर थी। यह सीट हासिल कर कांग्रेस की स्थिति भी मजबूत हो गई है।

भाजपा को मिली जीत

जींद विधानसभा सीट पर भाजपा के कृष्ण लाल मिढ़ा12935 वोटों से जीते। उन्हें कुल 50566 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे जेपीपी के दिग्विजय सिंह चौटाला को 37631 वोट मिले। तीसरे स्थान रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को 22740 वोट मिले। यह सीट कांग्रेस और भाजपा के लिए प्रतिष्‍ठा की सीट बनी हुई थी। 

इस सीट पर शुरु के चार राउंड तक जेपीपी आगे चल रही थी लेकिन इसके बाद भाजपा ने उसे पछाड़ते हुए पीछे कर दिया और लगातार बढ़त बनाए रखी। कांग्रेस लगातार तीसरे स्थान पर ही बनी रही। इसे कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है।

मैंने अपनी जिम्मेदारी निभाईः सुरजेवाला 

सुरजेवाला ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कृष्ण मिड्ढा जींद के लोगों की उम्मीदों को पूरा करेंगे। पार्टी ने मुझे एक जिम्मेदारी सौंपी थी जिसे मैंने निभाई है। मैं कृष्ण मिड्ढा जी को जीत की बधाई देता हूं।

बड़े नेताओं को हरायाः मिड्ढा

भाजपा के कृष्ण लाल मिढ़ा जींद विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद कहा, मैं सभी को धन्यवाद दूंगा जिन्होंने मुझे और मेरी पार्टी का समर्थन किया। यह जीत उनकी है। यह चुनाव बड़े नेता लड़ रहे थे। लेकिन हमने उन्हें भी हरा दिया। हम पीएम मोदी द्वारा लॉन्च की गई योजनाओं को लागू करेंगे और उन्हें आगे बढ़ाएंगे। 

जींद सीट पर 28 जनवरी को हुए बहुकोणीय चुनाव में 1,30,913 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। यहां भाजपा, कांग्रेस, इंडियन नैशनल लोकदल (आईएनएलडी) और नवगठित जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के बीच मुकाबला था।

अगस्त 2018 में आईएनएलडी से दो बार विधायक रहे हरि चंद मिड्ढा के निधन के कारण यह उपचुनाव हुआ था। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad