Advertisement

झारखंड चुनाव: रुझानों में जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी को बहुमत, हेमंत सोरेन दोनों सीटों से जीते

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर हुए चुनाव नतीजे आने शुरु हो गए हैं। रूझानों में साफ है कि अब जेएमएम की...
झारखंड चुनाव: रुझानों में जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी को बहुमत, हेमंत सोरेन दोनों सीटों से जीते

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर हुए चुनाव नतीजे आने शुरु हो गए हैं। रूझानों में साफ है कि अब जेएमएम की अगुआई वाले गठबंधन की सरकार का बनना तय हो गया है जबकि भाजपा ने सत्ता गंवा दी है। माना जा रहा है कि जेएमएम के हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बन सकते हैं। जेएमएम अकेले 30 सीटों पर आगे है और राज्य में सबसे बनी पार्टी बन गई है। हेमंत सोरेन ने दुमका सीट 13188 मतों के अंतर से और बरहेट 25740 मतों के अंतर से जीत गए। वहीं जमशेदपुर से सीएम रघुबर दास इस समय बागी सरयू राय से काफी पीछे हो गए हैं। जेएमएम 26 सीटें जीत चुकी है और 4 पर आगे है। कांग्रेस12 सीट जीत चुकी है, जबकि 4 पर आगे है। राजद एक पर आगे है। वहीं, भाजपा 18 सीट जीत चुकी है और 7 पर आगे है। राजद और एनसीपी एक-एक ही सीट जीत पाई है। वहीं, इस बार एजेएसयू को केवल दो सीटें मिली हैं तो जेवीएम ने दो सीटें जीती हैं और एक पर आगे है। एक सीट पर निर्दलीय ने कब्जा किया है। 

झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि चुनावों में जो रुझान सामने आया है वो निश्चित रूप से जेएमएम के लिए झारखंड की जनता का विश्वास दिखाता है। जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया है और इसके लिए झारखंड की जनता का आभार जताता हूं। हेमंत सोरेन ने कहा कि यह जनादेश पिता शिबू सोरेन के परिश्रम और त्याग का परिणाम है। 

सोनिया, राहुल, लालू यादव का दिया धन्यवाद

उन्होंने कहा कि आज से नया अध्याय शुरू होगा। मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं, किसी की उम्मीदें नहीं टूटेंगी। सोरने लालू प्रसाद यादव, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी का भी धन्यवाद दिया। जेजेएम नेता हेमंत सोरेन ने कहा कि जेजेएम, कांग्रेस और राजद गठबंधन के नेता भविष्य के बारे में जल्द ही बैठक करेंगे।

भाजपा की नहीं, मेरी हारः सीएम

वहीं, झारखंड के सीएम रघुवर दास ने कहा है कि मैं जनादेश का स्वागत करता हूं। हमारी सरकार ने पूरे पांच साल ईमानदारी से काम करने की कोशिश की। रघुवर दास ने  कहा कि यह भाजपा की नहीं, मेरी हार है।

जमशेदपुर सीट पर सीएम रघुवर दास भाजपा के बागी और पूर्व मंत्री सरयू राय से दस हजार वोटों से अधिक पीछे चल रहे थे। बता दें कि वर्तमान में, राज्य विधानसभा में भाजपा के 43, जेएमएम 19, कांग्रेस आठ, आजसू तीन, जेवीएम (पी) दो के दो विधायक हैं।

पांच चरणों में हुए चुनाव

गौरतलब है कि झारखंड में 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में वोटिंग हुई थी। भाजपा जहां एक बार फिर सत्ता पर काबिज होने की उम्मीद कर रही थी जबकि  कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल गठबंधन की निगाह सत्ता में दोबारा वापसी पर थी। पांच चरणों के चुनाव में 65 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 81 सीटों के लिए 1,215 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।

2014 में यह थी स्थिति

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, पांच चरणों में हुए सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव में 65.17 प्रतिशत वोटिंग हुई है। जबकि साल 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान 66.53 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 37 सीटें मिली थीं। जबकि उसके सहयोगी एजेएसयू  पांच विधानसभा सीटें जीतने में सफल रही थी। जिसके बाद दोनों दलों ने मिलकर पूरे पांच साल शासन किया है। रघुबर दास झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले राज्य के पहले मुख्यमंत्री भी बन गए हैं। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी, 2020 को खत्म हो रहा है। 2000 में बिहार से अलग होने के बाद यह झारखंड में चौथा विधानसभा चुनाव है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad