Advertisement

अमेरिका में राहुल गांधी ने साधा प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना, अब भाजपा नेताओं ने लिया आड़े हाथों

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अमेरिका की धरती पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी...
अमेरिका में राहुल गांधी ने साधा प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना, अब भाजपा नेताओं ने लिया आड़े हाथों

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अमेरिका की धरती पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी देने के बाद से ही एक बार फिर बहस छिड़ गई है। भाजपा को यह पसंद नहीं आया और यही कारण है कि तमाम भाजपा नेता राहुल गांधी की आलोचना कर रहे हैं। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया।

दरअसल, अमेरिका के सांता क्लारा में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की तरफ से आयोजित "मोहब्बत की दुकान" नामक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और उन्हें एक "नमूना" कहा। राहुल गांधी ने कहा, "यही तो बीमारी है। हमारे भारत में लोगों का एक समूह है, जिन्हें लगता है कि वे ईश्वर से भी अधिक जानते हैं। वे ईश्वर के साथ बात करेंगे तो उन्हें भी समझा देंगे कि ब्रह्मांड कैसे चलता है। निश्चित तौर पर हमारे प्रधानमंत्री भी एक ऐसा ही नमूना हैं।"

भाजपा नेताओं ने क्या कहा ?

प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी को "फर्जी गांधी" करार देते हुए उनपर विदेश में भारत को कलंकित करने का आरोप लगाया। जोशी ने कहा कि कांग्रेस के नेता की इतिहास की समझ केवल उनके परिवार तक ही सीमित रह गई है। भाजपा नेता ने कहा, "हंसी का विषय है कि जिसे कुछ नहीं पता वो आज विशेषज्ञ बन गया है।"

उन्होंने कहा, "एक आदमी जो आलू से सोना पैदा करने का दावा करता था वह विज्ञान के बारे में व्याख्यान दे रहा है और एक आदमी जो कभी पारिवारिक मामलों से आगे नहीं बढ़ा वह अब भारत के युद्ध का नेतृत्व करना चाहता है। नहीं फर्जी गांधी जी, भारत का मूल उसकी संस्कृति है। आपकी तरह नहीं जो भारत को कलंकित करने के लिए विदेशी धरती का इस्तेमाल करते हैं। भारतीय अपने इतिहास पर गौरवान्वित हैं।"

भाजपा नेता और केंद्र में मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "राहुल गांधी ने हमेशा बाहर जाकर देश का अपमान किया है। प्रधानमंत्री मोदी करीब 24 प्रधानमंत्रियों और राष्ट्रपतियों से मिले। उन्होंने करीब 50 बैठकें कीं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने हाल में कहा कि पीएम मोदी बेहतरीन हैं। इटली के प्रधानमंत्री ने कहा कि वे सबसे लोकप्रिय नेता हैं। एक प्रधानमंत्री ने उनके पांव तक छुए। हमारे प्रधानमंत्री की वजह से देश की इज्जत बढ़ी है। राहुल गांधी और कांग्रेस से यह पचाया नहीं जा रहा है। वे पहले भी यही कर चुके हैं। क्या उनका काम केवल देश पर कीचड़ उछालने का है ?"

उधर, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने भी राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने जनता से राहुल गांधी का बहिष्कार करने की मांग की है। अनिल विज ने ट्वीट कर कहा, "दुनिया भर के देशों के नेता हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते नहीं थकते और हमारे देश का एक अदना सा नेता राहुल गांधी विदेशी धरती पर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपमानित करता है। ऐसे नेता का हर भारतवासी को बहिष्कार करना चाहिए।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad