Advertisement

गुजरात का किला बचाने के लिए नए चेहरों पर भाजपा का दांव

गुजरात में सत्ता बरकरार रखने के लिए भाजपा नए चेहरों पर भरोसा जता रही है। 36 प्रत्याशियों की दूसरी सूची...
गुजरात का किला बचाने के लिए नए चेहरों पर भाजपा का दांव

गुजरात में सत्ता बरकरार रखने के लिए भाजपा नए चेहरों पर भरोसा जता रही है। 36 प्रत्याशियों की दूसरी सूची में 24 नए चेहरों को पार्टी ने मौका दिया है। 70 उम्मीदवारों की पहली सूची में 16 नए चेहरे थे। राज्य की 182 सीटों पर दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 89 सीटों पर नौ दिसंबर और दूसरे चरण में 93 सीटों पर 14 दिसंबर को मतदान होगा।18 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

शनिवार को जारी दूसरी सूची में दो मंत्रियों सहित 11 विधायकों के नाम काट दिए गए हैं। इस सूची में 12 अनुसूचित जाति (एससी), चार पाटीदार और दो दलित उम्मीदवार शामिल हैं। जिन लोगों का टिकट काटा गया है उनमें वरिष्ठ मंत्री मंगूभाई और राज्यमंत्री निर्मला वाघवानी भी हैं। इस सूची में केवल सात चेहरों को ही फिर से मौका दिया गया है।

हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा पाने वाले भाजपा विधायक जयराज सिंह जडेजा के बदले भाजपा ने उनकी पत्नी गीताबा जडेजा को मैदान में उतारा है। पोरबंदर से काबीना मंत्री बाबूभाई बोखारिया को फिर टिकट मिल गया है, उनकी पत्नी ने शुक्रवार को डमी उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा था। भुज में डॉ. नीमाबेन आचार्य को पार्टी ने विरोध के बावजूद फिर से मैदान में उतारा है। पाटीदार प्रभाव वाली 22 सीटों पर अभी भी पार्टी ने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।

70 उम्मीदवारों की पहली सूची में केवल एक निवर्तमान विधायक को टिकट नहीं मिला था। 49 विधायकों को फिर से मौका दिया गया था। कांग्रेस से आए 5 लोगों के नाम भी इस सूची में शामिल थे। चुनाव की तैयारियों के बीच कोडिनार सीट से भाजपा विधायक जेठा सोलंकी ने पार्टी छोड़ते हुए सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा शासन में दलितों ने अत्याचारों का सामना किया है। वे संसदीय सचिव भी थे। दलित नेता ने कहा कि पार्टी ने जब बताया कि इस बार टिकट नहीं दिया जाएगा तो उन्‍हेें न‌िराश्‍ाा हुई थी। वे निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे या किसी अन्य पार्टी में शामिल होंगे यह साफ नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad