Advertisement

कृषि विधेयक के खिलाफ देशभर में सड़क पर किसान, राहुल-प्रियंका ने सरकार को घेरा

केंद्र सरकार के कृषि विधेयक के खिलाफ शुक्रवार को किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कई किसान संगठनों ने...
कृषि विधेयक के खिलाफ देशभर में सड़क पर किसान, राहुल-प्रियंका ने सरकार को घेरा

केंद्र सरकार के कृषि विधेयक के खिलाफ शुक्रवार को किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कई किसान संगठनों ने आज राष्ट्रव्यापी भारत बंद बुलाया है। किसान संगठनों द्वारा देशव्यापी भारत बंद का आह्वान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने किसानों को आश्वासन दिया है कि यह विधेयक किसानों के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाएंगे और एमएसपी की व्यवस्था पहले की तरह बनी रहेगी। इसके बावजूद किसानों की नाराजगी जारी है। इसी के चलते देशभर में आंदोलन जारी है। विरोध की वजह से पंजाब-हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार में सड़क मार्ग प्रभावित हो गया है। कई जगहों पर किसान रेलवे ट्रैक पर बैठे हुए हैं।

आज देशभर में जारी किसान आंदोलन को विपक्षी पार्टियों का भी समर्थन मिल रहा है। कृषि विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों की तरफ से अलग अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

नए कृषि विधेयक से किसान बनेंगे गुलाम: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत बंद का समर्थन दिया है। राहुल गांधी ने मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा है कि नए कृषि कानून हमारे किसानों को गुलाम बनाएंगे। राहुल ने कहा कि एक त्रुटिपूर्ण जीएसटी ने एमएसएमई को नष्ट कर दिया।

कृषि विधेयक ईस्ट इंडिया कम्पनी राज की याद दिलाता है: प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि किसानों से एमएसपी छीन ली जाएगी। उन्हें कांट्रेक्ट फार्मिंग के जरिए खरबपतियों का गुलाम बनने पर मजबूर किया जाएगा। न दाम मिलेगा, न सम्मान। किसान अपने ही खेत पर मजदूर बन जाएगा। भाजपा का कृषि बिल ईस्ट इंडिया कम्पनी राज की याद दिलाता है। हम ये अन्याय नहीं होने देंगे।

तेजस्वी बोले- सरकार ने अन्नदाता को बनाया कठपुतली

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'सरकार ने हमारे 'अन्नदात' को 'फंड दाता' के माध्यम से कठपुतली बना दिया है। कृषि विधेयक किसान विरोधी हैं और उन्होंने उन्हें उदास कर दिया है। सरकार ने कहा था कि वे 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करेंगे, लेकिन ये विधेयक उन्हें गरीब बना देंगे। कृषि क्षेत्र को निजीकरण कर दिया गया है।'

राजद कार्यकर्ताओं ने विधेयक के खिलाफ की भैंस की सवारी

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने दरभंगा में कृषि विधेयकों के खिलाफ भैंस की सवारी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

 तेजस्वी यादव ने चलाया ट्रैक्टर

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने ट्रैक्टर रैली निकालकर प्रदर्शन किया। वे संसद द्वारा पारित कृषि विधेयकों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद में हिस्सा ले रहे हैं।

पंजाब में किसानों ने आशंका व्यक्त की है कि बिल न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रणाली को समाप्त करने का मार्ग प्रशस्त करेंगे, जिससे उन्हें बड़े कॉर्पोरेट्स की "दया" पर निर्भर रहना होगा।

विपक्षी दलों के हंगामे के बीच राज्यसभा ने रविवार को कृषि उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्द्धन और सुविधा) विधेयक-2020 और कृषक (सशक्तिकरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन समझौता एवं कृषि सेवा पर करार विधेयक-2020 को मंजूरी दे दी। लोकसभा में इन दोनों विधेयकों को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement