Advertisement

दिल्ली में महंगाई पर कांग्रेस का हल्लाबोल, हिरासत में राहुल-प्रियंका, किंग्सवे कैंप लाए गए कांग्रेसी नेता

बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ देशभर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस...
दिल्ली में महंगाई पर कांग्रेस का हल्लाबोल, हिरासत में राहुल-प्रियंका, किंग्सवे कैंप लाए गए कांग्रेसी नेता

बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ देशभर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया है। कांग्रेस के कई सांसद विजय चौक पर धरने पर बैठ गए हैं। दरअसल, राहुल गांधी कांग्रेस सांसदों के साथ संसद भवन से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें विजय चौक पर ही रोक दिया और राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है। उधर, कांग्रेस दफ्तर से मार्च निकाल रहीं प्रियंका गांधी को भी हिरासत में ले लिया गया है। बता दें कि पुलिस ने कांग्रेस को इस मार्च की अनुमति नहीं दी थी।

पार्टी के प्रदर्शन में शामिल हुए नेताओं ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे। राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन से राष्ट्रपति भवन के लिए मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस ने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन की घोषणा की थी। इसके तहत कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रधानमंत्री आवास का ‘घेराव करने’ की योजना थी। पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता इसी के लिए कांग्रेस मुख्यालय में जमा हुए थे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी प्रधानमंत्री आवास के घेराव के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ‘24 अकबर रोड’ स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं, जहां से उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

काले रंग की सलवार-कमीज ओर दुपट्टा पहने प्रियंका पार्टी मुख्यालय के सामने पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधक को लांघकर दूसरी तरफ पहुंचीं और सड़क पर धरने पर बैठ गईं। कुछ देर बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हिरासत में कई कांग्रेसी सांसद

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में लिया गया है। वहीं दिल्ली पुलिस ने मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश और रंजीत रंजन सहित कई कांग्रेसी सांसदों को लाइंस किंग्सवे कैंप में रखा है।

किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन लाए गए कांग्रेस नेता

दिल्ली पुलिस हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं को किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन लेकर पहुंची है। यहां मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश और रंजीत रंजन सहित अन्य कांग्रेसी सांसदों को लाया गया है।

प्रियंका गांधी के हिरासत का वीडियो

पुलिस ने प्रियंका गांधी को भी हिरासत में ले लिया है। इसका कांग्रेस कार्यकर्ता कड़ा विरोध कर रहे हैं।

हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि इनको (केंद्र सरकार को) लगता है कि विपक्ष में जो भी है उनको दबा सकते हैं। उनको लगता है कि अपनी फौज दिखाने के बाद हम समझौता करे लेंगे... इनके मंत्री कहते हैं कि महंगाई नहीं है। हम प्रधानमंत्री आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके लिए मंहगाई नहीं है क्योंकि मोदी जी ने पूरे देश की संपत्ति अपने दोस्तों को दे दी है। उन पर कोई कार्रवाई नहीं है। 2-4 लोग रईस हो गए हैं लेकिन आम जनता तड़प, तरस रही है। उनको महंगाई इसलिए नहीं दिखती क्योंकि उनके पास पैसा ही पैसा है। सब चीज़ें महंगी हो चुकी हैं।

राहुल गांधी के हिरासत का वीडियो  

 कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर डीसीपी अमृता गुगुलोथ (नई दिल्ली) ने कहा कि हमने उनको हिरासत में लिया है क्योंकि यहां धारा 144 लागू है और धरना प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। हमने उनको सूचित भी किया था लेकिन वे नहीं माने इसलिए हमने उनको हिरासत में लिया है।

हरीश रावत को पुलिस ने हिरासत में लिया

कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच झड़प

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प जारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रदर्शन की तस्वीरों को अपने ट्विटर पर साझा किया है।

बैरिकेड से कूदते हुए प्रियंका गांधी का वीडियो

कांग्रेस मुख्यालय से बाहर आने के बाद पुलिस ने प्रियंका गांधी को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे, लेकिन प्रियंका गांधी उसे फांदकर आगे बढ़ गईं। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया तो वह सड़क पर ही धरने पर बैठ गई हैं।

प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने की कोशिश

प्रियंका गांधी सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ गई हैं। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रोक दिया है। वो सड़क पर ही बैठ गई हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश कर रही है, जिसका कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं।

सांसदों को पीटा गया- राहुल गांधी

हिरासत में लिए गए राहुल गांधी ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने कहा, हम राष्ट्रपति भवन की तरफ मार्च निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने हमें रोक दिया। कई सांसदों को हिरासत में लिया गया है। उन्हें बुरी तरह से घसीटा गया और पीटा गया।

यह विरोध महंगाई और अग्निपथ के खिलाफ- पी चिदंबरम

कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा, यह विरोध महंगाई और अग्निपथ को लेकर है। महंगाई सभी को प्रभावित करती है। एक राजनीतिक दल के रूप में और निर्वाचित प्रतिनिधियों के रूप में हम लोगों के बोझ और भय की शिकायतों को आवाज देने के लिए बाध्य हैं। हम यही कर रहे हैं।

क्या बोले राजीव शुक्ला

कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा, हम राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस ने हमें रोक दिया। पुलिस का कहना है कि इस इलाके में धारा 144 लागू है। यहां विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। कांग्रेस सांसदों ने खुद को गिरफ्तार करने की मांग की है।

सचिन पायलट ने क्या कहा

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि जिस तरीके से सरकार काम कर रही है, सैकड़ों बार हमारे सांसदों को हिरासत में लिया जा रहा है, अपनी बात रखने से रोका जा रहा है ये अलोकतांत्रिक है। सरकार मंहगाई और बेरोजगारी पर चर्चा नहीं करना चाहती है।

जो डरते हैं, वही डराने का प्रयास करते हैं- जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आज एक बार फिर कांग्रेस सांसदों को महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी के खिलाफ प्रदर्शन करने के लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित कर दिया गया। विजय चौक पर हमें पुलिस वैन में भर दिया गया। एक चीज साफ है, जो डरते हैं, वही डराने का प्रयास करते हैं!’’

रमेश ने दावा किया, ‘‘पिछले तीन महीनों से जब से कांग्रेस अध्यक्ष ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की घोषणा की है, धमकी-जीवी ने कांग्रेस पार्टी एवं हमारे नेताओं के खिलाफ प्रतिशोध और डर की जहरीली राजनीति तेज कर दी है। यह सिर्फ संयोग नहीं है।’’ दिल्ली पुलिस ने नयी दिल्ली जिले में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।

उत्तर प्रदेश:
 
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा महंगाई और बेरोजगारी को लेकर लखनऊ में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
 
 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad