Advertisement

‘कैंब्रिज एनालिटिका’ वाले बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- कानून मंत्री बोल रहे हैं सफेद झूठ

फेसबुक डाटा लीक मामले में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। एक और जहां सरकार ने...
‘कैंब्रिज एनालिटिका’ वाले बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- कानून मंत्री बोल रहे हैं सफेद झूठ

फेसबुक डाटा लीक मामले में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। एक और जहां सरकार ने इस मसले पर फेसबुक को सख्त चेतावनी दी है। वहीं कांग्रेस से कैंब्रिज एनालिटिका से संबंध को लेकर कई सवाल उठाए हैं। केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर करारा हमला बोला। ऐसे में कांग्रेस की ओर से भी पलटवार करते हुए आरएस सुरजेवाला ने भाजपा और केन्द्र सरकार पर तीखे प्रहार किए।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा फेक न्यूज की फैक्ट्री है और नकली उत्पाद का उत्पादन कर रही है। हर रोज उनका फर्जी बयान, फर्जी प्रेस कॉन्फ्रेंस, भाजपा  और उसके विधिहीन कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद का चरित्र और नकली एजेंडा दिखता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस या कांग्रेस अध्यक्ष ने कभी भी कैंब्रिज एनालिटिका नामक कंपनी की सेवाओं का इस्तेमाल नहीं किया है यह एक नकली एजेंडा है और केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद झूठ बोल रहे हैं।

रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा और जदयू पर आरोप लगाते हुए कहा कि कैम्ब्रिज एनालिटिका से जुड़ी वेबसाइट से पता चलता है कि 2010 में इसकी सेवाओं का इस्तेमाल भाजपा-जदयू ने किया था। फर्म की भारतीय पार्टनर ओव्लिन बिजनेस इंटेलिजेंस (ओबीआई) को भाजपा सहयोगी के सांसद के बेटे द्वारा चलाया जा रहा है। ओबीआई की सेवाओं का उपयोग राजनाथ सिंह ने 2009 में किया था।

कानून मंत्री का आरोप

कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि डाटा माइनिंग फर्म में कैंब्रिज एनालिटिका के संबंध में हाल ही में प्रकाश में आईं घटनाओं से दुनिया भर में हड़कंप मच गया है क्योंकि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा एवं चुनाव प्रणाली में निष्पक्षता का है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और कैंब्रिज एनालिटिका के बीच संबंध हैं। प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस ने इस कंपनी की सेवाएं लीं हैं और मीडिया रिपोर्टों में 2019 के चुनावों में कांग्रेस इसी कंपनी की सेवाएं लेने वाली है। 

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह चुनाव जीतने के लिए डाटा के हेरफेर और डाटा की चोरी का सहारा लेगी। उन्होंने पूछा कि कैंब्रिज एनालिटिका की राहुल गांधी के सोशल मीडिया प्रोफाइल में क्या भूमिका है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad