Advertisement

गरीबी पर सर्जिकल स्ट्राइक करेगी कांग्रेस: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के सूरतगढ़ की एक रैली में एक बार फिर भाजपा और प्रधानमंत्री...
गरीबी पर सर्जिकल स्ट्राइक करेगी कांग्रेस: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के सूरतगढ़ की एक रैली में एक बार फिर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब भी देश में 25 करोड़ लोग गरीब हैं। यह देश के लिए शर्म की बात है। उन्होंने गरीबी पर 'सर्जिकल स्ट्राइक' का वादा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी पिछले छह महीनों से इसे खत्म करने पर काम कर रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आई तो 20 फीसदी सबसे गरीब परिवार के खाते में सालाना 72 हजार रुपये डालेगी। कांग्रेस की न्याय योजना से यह संभव होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमीरों को पैसा देते हैं, हम गरीबों को पैसा देंगे। कांग्रेस की सर्जिकल स्ट्राइक गरीबी पर होगी और देश से गरीबी का नामोनिशान मिट जाएगा। 

'मनरेगा से हुई गरीबी दूर'

उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना से हमने 10 साल में 14 करोड़ लोगों को गरीबी दूर की और अब देश से पूरी तरह गरीबी मिटाएंगे। मनरेगा पर मोदी ने संसद में कहा कि मनरेगा सबसे बेकार योजना है। मोदी कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी जनता से गड्ढा खुदवाती है. उन्हें मनरेगा समझ नहीं आई।  उन्हें ये भी नहीं पता कि जब यूपीए की सरकार थी, तब मनरेगा ने, भोजन के अधिकार ने, किसान कर्जमाफी ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।

'देश में बनाना चाहते हैं दो हिन्दुस्तान'

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। पिछले पांच साल में मोदी दो हिन्दुस्तान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। एक प्राइवेट हवाईजहाज वालों का और दूसरा गरीबों, किसानों नौजवानों का है। हम दो  हिन्दुस्तान नहीं बनने देंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी के जरिए से कालाधन रखने वालों की मदद की गई थी। लोगों के खाते में 15 लाख नहीं आया, रोजगार छिन गए, गब्बर सिंह टैक्स आ गया। उल्टा मोदी लोगों की जेब से छीनकर पैसे नीरव मोदी जैसों को दे रहे हैं। 

राफेल पर राहुल ने एक बार फिर मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने राफेल के लिए दो शर्तें रखी थीं।पहली कि ये जहाज हिन्दुस्तान में बनेगा। इसे एचएएल बनाएगी और इसे देश के अलग-अलग हिस्सों में बनाया जाएगा। दूसरी शर्त थी कि 526 करोड़ एक जहाज के लिए दिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad