Advertisement

सत्ता में आने पर देश के सभी किसानों का कर्ज माफ करेंगे: राहुल गांधी

पटना के गांधी मैदान पर लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शंखनाद किया। जन आकांक्षा...
सत्ता में आने पर देश के सभी किसानों का कर्ज माफ करेंगे: राहुल गांधी

पटना के गांधी मैदान पर लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शंखनाद किया। जन आकांक्षा रैली में राहुल गांधी ने केन्द्र की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र में सरकार बनने पर कांग्रेस प्रत्येक गरीब व्यक्ति को न्यूनतम आय की गारंटी देगी। राहुल ने कहा कि केन्द्र की सत्ता में आने पर मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की तरह ही कांग्रेस देश के सभी किसानों का कर्ज माफ करेगी। उन्होंने कहा कि हम गठबंधन के सारे लोग मिलकर पहले लोकसभा चुनाव और फिर बिहार चुनाव में जीतने जा रहे हैं। हम सब मिलकर आपके अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अनिल अंबानी को आप 30 हजार करोड़, नीरव मोदी को 35 हजार करोड़ रुपये देते हो और भारत के किसानों के परिवार को साढे तीन रुपए देते हो और फिर कहते हो कि हमने बहुत बड़ा काम किया।

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है। मोदी कहते हैं कि हर आदमी को 15 लाख देंगे लेकिन यहां कोई ऐसा है जिसे मिला है। उन्होंने कहा कि बिहार में विपक्ष की सरकार आने वाली है। इसके गहरे कारण हैं। मोदी जी जहां जाते हैं बड़े बड़े वादे कर जाते हैं. नीतीश जी की भी यह आदत है। लेकिन वादे पूरे नहीं किए जाते हैं। एक परिवार को 17 रुपए देकर किसानों का अपमान किया है। बिजनेसमैन के लिए भाजपा सरकार ने करोड़ो रुपये बहा दिए, लेकिन किसानों के लिए एक रूपये खर्च नहीं किया। हिंदुस्तान का किसान सरकार से हाथ जोड़कर कहता है कि हमारा कर्जा माफ कर दो। लेकिन जेटली जी ने कहा कि हमारी नीति नहीं है कर्जा माफ करने की। आप जितना चाहो चिल्लाओ, हम कर्जा नहीं माफ नहीं करेंगे।

‘हम बिहार को फिर गौरवशाली बनाएंगे’

राहुल गांधी ने कहा कि पहले बिहार शिक्षा का केंद्र होता था, आज बेरोजगारी का केंद्र है। आप गुजरात जाते हो, महाराष्ट्र जाते हो तो भाजपा के लोग आपको मार कर भगाते हैं। हम बिहार को फिर गौरवशाली बनाएंगे। मैं झूठा वादा नहीं करता। आज पटना यूनिवर्सिटी की हालत खराब है। हम सत्ता में आते ही पटना यूनिवर्सिटी को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देंगे।

राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के योग्य हैं: तेजस्वी यादव

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जिम्मेदारी है कि किस तरह से सहयोगी दलों को साथ लेकर चलना है। क्योंकि सबको मिलकर बीजेपी को हराना है। इस दौरान तेजस्वी यादव मोदी सरकार और बीजेपी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि मेरे पिता शेर हैं। वह उनकी (बीजेपी) गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। राजद नेता ने कहा कि लोग हमसे पूछते हैं कि आप राहुल गांधी को पीएम के तौर पर स्वीकार करेंगे। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री के योग्य हैं। वह योग्य नेता है। लेकिन उन्हें सहयोगियों को लेकर कैसे चलना है, इसकी भी उनकी जिम्मेदारी है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि एमपी में में 15 साल भाजपा की सरकार, एमपी को कहां पहुंचा दिया, रेप में नंबर वन, बेरोजगारी में नंबर वन, किसानों की हत्याओं में नंबर वन, महिलाओं पर अत्याचार में नंबर वन। एमपी के लोगों ने सच्चाई देखकर फैसला किया और फिर भाजपा को घर बैठा दिया।

वहीं छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी होने का मतलब, किए गए वादों को पूरा करना। खुद को फकीर बताने वाले, खुद को 10 लाख का सूट पहन रहे हैं।

शरद यादव ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है। संविधान खतरे में है, आजादी खतरे में है, सबसे बड़ी जिम्मेदारी राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर है।

कई दिग्गज नेता मौजूद

लगभग तीन दशक में गांधी मैदान में कांग्रेस की यह पहली सार्वजनिक सभा है। रैली में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश सीएम कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल और कई बड़े पार्टी नेता पहुंचे। इनके अलावा आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, शरद यादव और जीतनराम मांझी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस सहित महागठबंधन के कई नेताओं ने रैली को संबोधित किया और नीतीश कुमार की राज्य और मोदी की केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad