Advertisement

केजरीवाल की तारीफ पर भिड़े कांग्रेस नेता, माकन-देवड़ा आमने-सामने

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़ी जीत हासिल करने के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने तीसरी बार...
केजरीवाल की तारीफ पर भिड़े कांग्रेस नेता, माकन-देवड़ा आमने-सामने

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़ी जीत हासिल करने के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। मगर इस सफलता से सबसे अधिक हलचल कांग्रेस में दिख रही है। दरअसल, आप की जीत की लगातार कई कांग्रेस नेता प्रशंसा कर रहे हैं। हालांकि कई नेताओं को यह नागवार भी गुजर रहा है। अब इसी कड़ी में कांग्रेस के दो दिग्गज अजय माकन और मिलिंद देवड़ा आपस में भिड़ गए हैं।

मुंबई कांग्रेस के नेता मिलिंद देवड़ा ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर केजरीवाल सरकार की तारीफ की, तो अब अजय माकन ने उन्हें जवाब दिया है। अजय माकन ने सीधे तौर पर कहा है कि यदि आपको पार्टी छोड़नी है तो छोड़ सकते हैं।

रविवार देर रात को कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने एक ट्वीट किया जिसमें राज्य सरकार के द्वारा रेवेन्यू के मोर्चे पर काम की प्रशंसा की है।

देवड़ा ने क्या लिखा...

मिलिंद देवड़ा ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘एक ऐसी जानकारी शेयर कर रहा हूं जो कि कम लोग जानते हैं। अरविंद केजरीवाल सरकार ने पिछले 5 साल में रेवेन्यू को दोगुना कर दिया है और अब ये 60 हजार करोड़ तक पहुंच गई है। दिल्ली अब भारत का सबसे आर्थिक रूप से सक्षम प्रदेश बन रहा है।’

कांग्रेस नेता के इस ट्वीट को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रिट्वीट भी किया। मगर कांग्रेस नेता अजय माकन को ये पसंद नहीं आया।

माकन ने क्या कहा...

मिलिंद देवड़ा के ट्वीट पर जवाब देते हुए कांग्रेस नेता अजय माकन ने लिखा, ‘भाई, यदि आपको कांग्रेस पार्टी छोड़नी है, तो छोड़ सकते हैं। फिर आधे पके तथ्यों को ठीक करें।’ अजय माकन ने इस टिप्पणी के साथ कुछ डाटा शेयर किया।

1997-98 (रेवेन्यू) 4073 करोड़

2013-14 (रेवेन्यू) 37459 करोड़

कांग्रेस सरकार के दौरान 14.87 फीसदी रेवेन्यू बढ़ा

2015-2016 (रेवेन्यू) 41129

2019-20 (रेवेन्यू) 60000

आप सरकार के दौरान 9.90 फीसदी रेवेन्यू बढ़ा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement