Advertisement

गंगा यात्रा का दूसरा दिन, मिर्जापुर में प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ‘गंगा यात्रा’ के दूसरे दिन मंगलवार को मिर्जापुर पहुंची।...
गंगा यात्रा का दूसरा दिन, मिर्जापुर में प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ‘गंगा यात्रा’ के दूसरे दिन मंगलवार को मिर्जापुर पहुंची। यहां उन्होंने रोड शो किया। इससे पहले उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए। इसके बाद ख्वाजा जनाब इस्माइल चिस्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाई। सुबह उन्होंने सीतामढ़ी में सीता समाहित स्थल में पूजा अर्चना की थी। इस दौरान मीडिया से बातचीत में प्रियंका ने कहा, उन्होंने 70 साल में क्या किया? इस रट की भी एक्सपायरी होगी। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी अपनी रैलियों में कांग्रेस के 70 साल के कामकाज पर सवाल उठाते रहते हैं।

भाजपा पर साधा निशाना

प्रियंका ने कहा कि पांच साल से आप (भाजपा) सत्ता में हैं। आपने क्या किया, अब यह बताइए। वहीं, योगी सरकार के दो साल पूरे होने पर रिपोर्ट कार्ड पेश करने पर प्रियंका ने कहा कि रिपोर्ट कार्ड जैसी चीजें देखने में अच्छी लगती है। जमीनी हकीकत अलग है। योगी सरकार को जमीनी हकीकत देखनी चाहिए। आशा बहुएं, शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कर्मचारी सब प्रताड़ित हैं।

सीतामढ़ी से दूसरे दिन की शुरुआत

प्रियंका ने दूसरे दिन की शुरुआत सीतामढ़ी से की। यहां प्रियंका ने सुबह कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। इसके बाद प्रियंका गोपीगंज पहुंचीं। यहां उन्होंने रोड शो और पैदल यात्रा की। प्रियंका के दौरे के चलते विंध्यवासिनी धाम में आम भक्तों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। इससे नाराज भक्तों ने विरोध में नारेबाजी की। ख्वाजा चिस्ती की दरगाह पर में प्रियंका एक कैंसर पीड़ित लड़की से मुलाकात की। प्रियंका ने उसे मदद का आश्वासन दिया।

उत्तरप्रदेश दौरे का तीसरा दिन

प्रियंका का उत्तर प्रदेश दौरे का तीसरा दिन है। सोमवार को उन्होंने प्रयागराज में संगम तट पर गंगा की पूजा करके कांग्रेसी रंग में रंगी नाव के जरिए मनैया घाट से यात्रा शुरू की थी। इससे पहले प्रयागराज में लेटे हनुमान और अक्षयवट के दर्शन किए थे। यात्रा के दौरान कई पड़ाव पर प्रियंका ने लोगों से मुलाकात की और पीएम के "मैं हूं चौकीदार" मुहिम पर तंज कसा था।

20 मार्च को चुनार में दरगाह जाएंगी

प्रियंका गंगा किनारे के गांवों में भ्रमण करते हुए मंगलवार शाम भदोही के चुनार में शीतला माता के दर्शन करेंगी। यहीं रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन यानी 20 मार्च की सुबह वे दरगाह चुनार, बूढ़ेनाथ मंदिर पहुंचेंगी। इसके बाद वाराणसी के लिए निकलेंगी, जहां उनकी यात्रा अस्सी घाट पहुंचेगी। तीन दिन में वे करीब 140 किमी की दूरी तय करेंगी।

छह लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की नजर

वाराणसी से प्रयागराज तक गंगा पांच जिलों में बहती है। इन जिलों की छह लोकसभा सीटों पर प्रियंका की नजर है। 2009 के चुनाव में यहां कांग्रेस चौथे नंबर पर थी। यहां कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने के लिए प्रियंका ने गंगा यात्रा शुरू की है। प्रियंका की प्रयागराज से वाराणसी की यह तीन दिनी यात्रा 20 मार्च को संपन्न होगी। देश के राजनीतिक नक्शे में खास जगह रखने वाले उत्तरप्रदेश के प्रयागराज और वाराणसी पर प्रियंका गांधी का खास फोकस है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad