Advertisement

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बरकरार, कल हो सकता है ऐलान

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर संस्पेंस बना हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गांधी...
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बरकरार, कल हो सकता है ऐलान

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर संस्पेंस बना हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गांधी ने शनिवार को दूसरी बार दावेदार नेताओं को बैठक के लिए बुलाया। इस बैठक के बाद राहुल गांधी ने भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और ताम्रध्वज साहू के साथ फोटो ट्वीट की। रेस में सिंह देव और प्रदेश अध्यक्ष बघेल आगे बताए जा रहे हैं तथा दोनों ही अपने-अपने दावों के साथ अड़े हैं। देर रात या कल ऐलान हो सकता है।

छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि रायपुर में रविवार को 12 बजे एक बैठक होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा। राज्यपाल ने हमें शपथ ग्रहण के लिए 17 दिसंबर का वक्त दिया है। जल्दी क्या है। इससे पहले चारों नेता शनिवार को एक विशेष विमान से पर्यवेक्षक मल्लिर्काजुन खड़गे, पार्टी के राज्य प्रभारी पी एल पुनिया के साथ रायपुर पहुंचे थे। तब कहा जा रहा था कि पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी जिसमें मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी लेकिन नाम तय नहीं हो पाया।

राहुल गांधी ने की फोटो शेयर

राहुल गांधी ने चारों नेताओं के साथ फोटो शेयर करते हुए कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपका दिमाग कितना तेज है या आपकी रणनीति कितनी शानदार है। अगर आप अकेले खेल रहे हैं तो टीम के सामने आप हमेशा हारेंगे। इससे पहले भी राहुल मध्यप्रदेश और राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के साथ फोटो ट्वीट कर चुके हैं। दोनों बार ट्वीट करने के कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्रियों का ऐलान हो गया था। 

पहली बार ली गई कार्यकर्ताओं की राय

इससे पहले कई दौर की बैठकों का दौर भी चला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया, प्रभारी सचिव चंदन यादव और अरुण उरांव की मौजूदगी में निर्वाचित विधायकों की बैठक हुई थी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष ने खुद शक्ति ऐप के जरिए कार्यकर्ताओं का मन टटोलने की भी कोशिश की। पहली बार कांग्रेस विधायक दल के अलावा आम कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री चयन को लेकर राय ली गई।

इससे पहले हुई मीटिंग में सोनिया गांधी, पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया भी मौजूद थे। राहुल ने शुक्रवार को बघेल, सिंहदेव, महंत और साहू को दिल्ली बुलाया था। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावेदारों से बंद कमरे में अलग-अलग बात की थी।

चयन करना कांग्रेस के सामने बड़ा सवाल

तीन राज्यों में मिली जीत के बाद कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री का चुनाव करना था। सबसे पहले गुरुवार रात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पर फैसला हुआ। कमलनाथ को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया। इसके बाद शुक्रवार को राजस्थान के लिए कांग्रेस के आलाकमान ने अशोक गहलोत के नाम पर मुहर लगा दी। इसके साथ ही सचिन पायलट को डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी दी गई। अब छत्तीसगढ़ की बारी है।

90 सीटों वाले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने बड़ा बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 68 सीटें मिली हैं, जबकि 15 साल से सत्ता में काबिज भाजपा सिर्फ 15 सीटों पर सिमट गई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement