Advertisement

कैप्टन मंत्रिमंडल का विस्तार आज, न राहुल की चली न जाखड़ की

कहने को तो कांग्रेस हाईकमान की मुहर के बाद पंजाब की कैप्टन सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार शनिवार को (आज)...
कैप्टन मंत्रिमंडल का विस्तार आज, न राहुल की चली न जाखड़ की

कहने को तो कांग्रेस हाईकमान की मुहर के बाद पंजाब की कैप्टन सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार शनिवार को (आज) हो रहा है पर, इसमें कैप्टन ने राहुल को क्लीन बोल्ड किया है। विस्तार में न राहुल की चली और न ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ की। राहुल की चली होती तो परगट सिंह, अमरिदंर सिंह राजा वडिंग, राजकुमार वेरेका, कुलजीत नागरा का नाम भी प्रस्तावित मंत्रियों में होता, जाखड़ की चलती तो राणा गुरमीत सोढ़ी सूची में न होते। हालांकि राहुल गांधी ने महीना पहले ही मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदंर को लिखे पत्र में राजा वडिंग, परगट सिंह और नागरा को मंत्रिमंडल में शामिल करने की सिफारिश की थी, जिसके बाद जालंधर और पटियाला में खुले मंच से कैप्टन ने परगट को खेल मंत्री बनाए जाने का ऐलान तक किया पर, अंदरखाने नवजोत सिद्धू से नजदीकी परगट को भारी पड़ गई।

मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नौ विधायकों में छह कैप्टन के करीबी हैं। राहुल की पसंद के एक मात्र विजेंद्र सिंगला ही हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में जमानत गंवाने वाले संगरूर से पूर्व सांसद सिंगला ने राहुल के कहने पर ही विधानसभा चुनाव लड़ा था। राहुल युवाओं को प्राथमिकता देने पर जोर देते हैं। इधर 76 वर्ष के सीएम कैप्टन के केबिनेट में तमाम मंत्री 45 के पार हैं। विस्तार की खबर के साथ ही कांग्रेस में बगावत के सुर भी तेज हुए हैं। मंत्रिमंडल में शामिल न किए जाने से नाराज दो बार विधायक रहे संगत सिंह गिलजियां ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। 
  मंत्री बनने जा रहे नौ विधायकों में कैप्टन के छह करीबियों में सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखबिंदर सरकारिया, राणा गुरमीत सोढी, ओपी सोनी, श्याम सुंदर अरोड़ा और गुरप्रीत कांगड़ शामिल हैं। भारत भूषण आशू लुधियाना से सांसद रवनीत बिटू के करीबी हैं। मोहाली से विधायक बलबीर सिद्धू को प्रदेश प्रभारी आशा कुमारी और अंबिका सोनी का आर्शीवाद है। पंजाब कैबिनेट विस्तार को लेकर 29 विधायकों की सूची पर पिछले चार महीने से हाईकमान से चर्चा हो रही थी। पहली बार मंत्री बनने जा रहे इन नौ विधायकों को शाम छह बजे राजभवन में राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर शपथ दिलाएंगे। शाम को ही इनके विभागों की घोषणा भी की जाएगी। वहीं राज्य मंत्री रजिया सुल्ताना और अरुणा चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। मंत्रिमंडल विस्तार पर सीएम कैप्टन अमरिदंर सिंह ने कहा कि साल भर से उनके पास रहे 42 विभागों के कार्यभार का बंटवारा होने से जहां उन्हें कुछ राहत मिलेगी वहीं विभागों के लंबित कार्यों को गति मिलेगी। पहली बार ये नौ विधायक मंत्री बन रहे हैं पर इनमें से कई चार व पांच बार के विधायक हैं इसलिए उन्हें जमीन से जुड़े होने का अनुभव है।   

प्रस्तावित मंत्रिमंडल में 9 मंत्रियों के हो सकते हैं ये मंत्रालय

सुखजिंदर रंधावा : डेरा बाबा नानक से विधायक। सिंचाई एंव सहकारिता मंत्रालय
सुखबिंदर सरकारिया : अमृतसर के राजासांसी से विधायक। परिवहन मंत्रालय   
विजय इंद्र सिंगला : संगरूर से विधायक। उद्योग एंव निवेश मंत्रालय
भारत भूषण आशु : लुधियाना पश्चिमी से विधायक। राज्य मंत्री लोकनिर्माण मंत्रालय
सुंदर श्‍ााम अरोड़ा : होशियारपुर से विधायक। राज्यमंत्री स्थानीय निकाय मंत्रालय
ओपी सोनी : अमृतसर सेंट्रल से विधायक। बिजली मंत्रालय 
राणा गुरमीत सोढी : गुरु हरसहाय से विधायक। युवा एवं खेल मंत्रालय 
गुरप्रीत सिंह कांगड़ : रामपुरा फूल से विधायक। राज्य मंत्री उच्च शिक्षा एवं स्कूली शिक्षा मंत्रालय 
बलबीर सिंह सिद्धू : मोहाली से विधायक। शहरी विकास एवं आवास मंत्रालय

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad