Advertisement

राजस्थान, मध्य प्रदेश में दिन में सपने देख रहे हैं राहुल गांधी: अमित शाह

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने राजस्थान के फलोदी से कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस...
राजस्थान, मध्य प्रदेश में दिन में सपने देख रहे हैं राहुल गांधी: अमित शाह

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने राजस्थान के फलोदी से कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह दिन में सपने देख रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘मैं मंग्लौर से वापस आ रहा था। टीवी पर मैंने देखा कि राहुल बाबा कह रहे थे कि मध्य प्रदेश, राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनाएगी। मैंने जैसे ही सुना, बाहर देखा कि दिन है या रात? किसी के सपने देखने से दिक्कत नहीं है लेकिन क्या हम दिन में सपने देखते हैं?’

उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी को ‘भारत माता की जय’ बोलने में शर्म आती है वो राजस्थान और देश का भला नहीं कर सकती है। अमित शाह ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार अंगद का पांव है, इसको कोई उखाड़ नहीं सकता।

'कांग्रेस को दूरबीन से ढूंढ़ना पड़ता है'

अमित शाह राजस्थान के फलोदी स्थित परमवीर मेजर शैतान सिंह स्टेडियम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को भारत के नक्शे पर दूरबीन लेकर ढूंढना पड़े ऐसी स्थिति कांग्रेस पार्टी की देश में हो गई है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में एक ओर मोदी जी के नेतृत्व में देश भक्तों की टोली वाली भारतीय जनता पार्टी है और दूसरी ओर कांग्रेस है जिसके पास न नेता है, न नीति है और न ही सिद्धांत है। उन्होंने राजस्थान में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस सेना का सेनापति ही तय न हो वो सेना विजय कैसे प्राप्त कर सकती है। राहुल गांधी राजस्थान में अपने सेनापति का नाम बताएं। भाजपा का सेनापति तय है हम वसुंधरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान में चुनाव लड़ रहे हैं।

'सर्जिकल स्ट्राइक का राजनीतिकरण कर रहे हैं राहुल'

अमित शाह ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक को उत्तर प्रदेश के चुनाव से जोड़कर राहुल गांधी सर्जिकल स्ट्राइक का राजनीतिकरण कर रहें हैं। देश के शहीदों का अपमान करने पर राहुल गांधी को शर्म आनी चाहिए।

बता दें कि शनिवार को राहुल गांधी ने उदयपुर में कारोबारियों से बातचीत में कहा था कि प्रधानमंत्री ने सेना के अधिकार क्षेत्र (डोमेन) में घुसते हुए उनकी सर्जिकल स्ट्राइक को राजनीतिक एसेट में बदल दिया, जबकि वास्तव में यह एक सैन्य फैसला था। साथ ही उन्होंने बताया कि मनमोहन सिंह सरकार ने 3 बार सर्जिकल स्ट्राइक की लेकिन कांग्रेस की सरकार ने कभी सर्जिकल स्ट्राइक का श्रेय नहीं लिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad