Advertisement

अमित शाह ने लॉन्च किया 'भारत के मन की बात-मोदी के साथ' अभियान, जानिए अहम बातें

भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए देश भर में लोगों से 10 करोड़ से अधिक सुझाव...
अमित शाह ने लॉन्च किया 'भारत के मन की बात-मोदी के साथ' अभियान, जानिए अहम बातें

भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए देश भर में लोगों से 10 करोड़ से अधिक सुझाव मांगने के लिए महीने भर चलने एक अभियान की शुरूआत की। इस अभियान का नाम ‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ है। भाजपा लोगों का विचार जानने के लिए विभिन्न माध्यमों के जरिए देश भर में लोगों से संपर्क साधेगी। अभियान की शुरूआत करते हुए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि 'भारत के मन की बात- मोदी के साथ', कार्यक्रम भारत की चुनाव प्रक्रिया में अपने आप में एक अनूठा कार्यक्रम होगा। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।

'मोदी सरकार ने देश की स्थिति को बदला'

मोदी सरकार की तारीफ करते हुए अमित शाह ने कहा, '2014 के पहले देश के अंदर जो स्थिति थी, वो देश के लोकतंत्र में लोगों की आस्था को डिगाने वाली थी। 2014 में 30 साल बाद देश की जनता ने मोदी जी के नेतृत्व वाली पूर्ण बहुत की सरकार बनाई। नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की स्थिति को बदला है। प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शी नीतियों के कारण देश में दीर्घकालिक विकास की नींव रखी गई है।'

'भाजपा के अंदर आंतरिक लोकतंत्र'

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी और बाकी पार्टियों में बहुत बड़ा अंतर है। भारतीय जनता पार्टी देश की एक मात्र ऐसी पार्टी है जिसके अंतर आतंरिक लोकतंत्र है। जिस पार्टी के अंतर आतंरिक लोकतंत्र होता है, वही पार्टी देश के लोकतंत्र को मजबूत कर सकती है।'

'जो काम करता है, जनता उम्मीद भी उसी से करती है'

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''भारत के मन की बात - मोदी के साथ', कार्यक्रम भाजपा का नहीं है, बल्कि देश के लिए है। ये कार्यक्रम देश को सुरक्षित करने, गरीब का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए है। ये कार्यक्रम नया भारत बनाने के लिए है। जो जनता के लिए काम करता है जनता उम्मीद भी उसी से करती है। जनता की उम्मीदों और अपेक्षाओं की कसौटी पर खरा उतरने की चुनौती पीएम मोदी ने स्वीकार की है। जनता की उम्मीदों को सम्मान देना भाजपा अपना कर्त्तव्य ही नहीं बल्कि नैतिक दायित्व मानती है।' इसी थीम पर एक गीत भी उन्होंने लॉन्च किया, जिसका टाइटल है- काम करे जो, उम्मीद उसी से हो।

पहली बार संकल्प पत्र के लिए इतना बड़ा जनसंपर्क अभियान: राजनाथ 

वहीं गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस मौके पर संबोधित करते हुए कहा, जनभागीदारी से ही लोकतंत्र को मजबूती मिलती है। गृहमंत्री ने कहा, 'देश में पहली बार कोई राजनीतिक दल अपना संकल्प पत्र बनाने के लिए इतने बड़े स्तर पर जनसंपर्क करने जा रहा है।' इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad