Advertisement

अयोध्या में बोली प्रियंका, मोदी सरकार में जनता के सवालों का सामना करने की हिम्मत नहीं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी मां और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र...
अयोध्या में बोली प्रियंका, मोदी सरकार में जनता के सवालों का सामना करने की हिम्मत नहीं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी मां और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के बाद शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंची। प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा पर देश के संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र की 'सबसे कमजोर' नरेन्द्र मोदी सरकार में जनता के बुनियादी सवालों का सामना करने की हिम्मत नहीं है।

एक जनसभा में प्रियंका गांधी ने कहा, 'भाजपा सरकार ने संविधान, लोकतंत्र और संस्थाओं को नष्ट करने की पूरी योजना बना ली है। संविधान और लोकतंत्र जनता को मजबूत बनाते हैं। ये लोग काम करने के बजाये सिर्फ बातें करते हैं इसलिये आपको मजबूत नहीं होने देना चाहते। देश में इससे दुर्बल सरकार और कोई नहीं रही है।'

'अपनों को गले नहीं लगाया'

उन्होंने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर तंज करते हुए कहा 'जनता की आवाज सुनना सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति है। सरकार आपकी बात नहीं सुन रही है, यह शक्ति नहीं दुर्बलता है। इस सरकार में वह हिम्मत नहीं है कि आपकी बात सुने।'

प्रियंका गांधी ने कहा कि वाराणसी की जनता इस बात की गवाह है कि प्रधानमंत्री अपने करीब पांच साल के कार्यकाल में अपने ही संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में नहीं गये। उन्होंने पूरी दुनिया का दौरा किया और सभी को गले लगाया, लेकिन अपने स्वयं के लोगों को गले नहीं लगाया।

'मनरेगा को खत्म करने का हो रहा है प्रयास'

प्रियंका ने मोदी सरकार पर ग्रामीण इलाकों में हर परिवार को 100 दिन के रोजगार की गारंटी देने वाली मनरेगा योजना को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा के तहत मेहनताने का भुगतान छह छह महीने तक नहीं किया जा रहा है। मनरेगा का पैसा ठेकेदारों को दिया जा रहा है और वे ठेकेदार क्षेत्र के ग्रामीणों के बजाय मजदूरों से काम करा रहे हैं।

'जनता सोचे किस पर विश्वास करना चाहिए'

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा हाल में न्याय योजना शुरू करने के वादे को लेकर भाजपा के तंज का जवाब देते हुए प्रियंका ने कहा, ‘जब यह घोषणा हुई तो भाजपा सरकार ने कहा कि यह सब चुनावी जुमले हैं और देश के पास इस योजना के लिये जरूरी धन ही नहीं है, लेकिन जब उद्योगपतियों का कर्ज माफ होना था तब इसी सरकार के पास 317 हजार करोड़ रुपये कहां से आ गये थे। अब जनता को ही सोचना होगा कि उसने किस पर विश्वास किया था और क्या ऐसे लोगों पर दोबारा विश्वास करना चाहिये? ’

'देश और संविधान बचाने का चुनाव'

प्रियंका ने पूछा 'यह राजनीति जो आपको दुर्बल बनाती है, आपको नकारती है, जो आपको सत्ता नहीं देना चाहती, उसका क्या करना चाहिये? लोकतंत्र और संविधान आपको मजबूत करने के लिये बनाया गया है। सबसे बड़ा हथियार आपका वोट है। आप ऐसी राजनीति को बढ़ावा देंगे, जो सिर्फ झूठ बोलेगी, तो आप अपना नुकसान करेंगे। समय आ गया है अपनी शक्ति को पहचानने का। आप मन बनाइये कि उसे वोट देंगे, जो आपका काम करेगा। एक ऐसी सरकार लाएंगे, जिसमें आपकी सुनवाई हो, आपकी आवाज दबाई ना जाए। यह देश और संविधान को बचाने का चुनाव है, इसलिये सोच समझकर वोट दीजिये।'

'सत्य को कोई दबा नहीं सकता'

उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों से मुंह मोड़ रही है, मगर इस देश में सत्य को कोई दबा या छुपा नहीं सकता। देश का हर वर्ग परेशान है। महिलाओं की कोई सुनने वाला नहीं है। यह सच सब जगह है, इसे कोई छुपा नहीं सकता। भाजपा के झूठे प्रचार से यह सच नहीं छुपेगा क्योंकि खुद जनता इसे जी रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad