Advertisement

छत्तीसगढ़ में सभी मौजूदा भाजपा सांसदों का कटेगा टिकट

भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ के सभी 10 मौजूदा सांसदों की जगह नए चेहरे को...
छत्तीसगढ़ में सभी मौजूदा भाजपा सांसदों का कटेगा टिकट

भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ के सभी 10 मौजूदा सांसदों की जगह नए चेहरे को उतारने का फैसला किया है। हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के मद्देनजर यह फैसला किया गया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, भाजपा के महासचिव और प्रदेश प्रभारी अनिल जैन ने बताया कि पार्टी ने नए उम्मीदवारों को उतारने का फैसला किया है। जैन ने कहा कि प्रदेश भाजपा ने पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति को सांसदों के नाम काटने का प्रस्ताव दिया था, जिसे मंजूरी दे दी गयी। सूत्रों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को राजनांदगांव से पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है। राज्य में लोकसभा की 11 सीटें हैं।

विधानसभा हारने के बाद भाजपा की नई रणनीति

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य में 68 सीटें जीती थीं। राज्य में 15 साल शासन कर चुकी भाजपा को 15 सीटों से ही संतोष करना पड़ा था। दोनों दलों की वोट हिस्सेदारी में 10 फीसदी का अंतर था। सूत्रों ने बताया कि भाजपा इस पर भी विचार कर रही है कि मौजूदा सांसदों के परिवार के भी किसी सदस्य चुनाव में नहीं उतारा जाए। पार्टी ने यह मानदंड अपनाया तो पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह की संभावित उम्मीदवारी भी सवालों के घेरे में आ जाएगी, क्योंकि उनके पुत्र अभिषेक सिंह वर्तमान सांसद हैं।

रमन सिंह के बेटे का भी कटेगा टिकट

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह भी राजनांदगांव सीट से वर्तमान सांसद हैं। अगर सभी सांसदों का टिकट काटा जाता है तो उनपर भी गाज गिर सकती है। हालांकि, कहा जा रहा है कि अभिषेक की जगह पर उनके पिता रमन सिंह को टिकट देकर उन्हें केंद्र की राजनीति में लाया जा सकता है।

आज आ सकती है भाजपा की लिस्ट

उम्मीदवारों के चयन के लिए भाजपा की बैठक मंगलवार देर रात तक चली। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

केंद्रीय चुनाव समिति बुधवार को भी उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करेगी। उम्मीदवारों की सूची भी इसी दिन जारी की जा सकती है। उधर, कांग्रेस ने भी 6वीं सूची जारी कर दी है। इसमें केरल की 2 और महाराष्ट्र की 7 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय किए गए हैं। अब तक कांग्रेस 146 सीटों पर नाम फाइनल कर चुकी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad