Advertisement

भाजपा और आरएसएस 'गॉड-के प्रेमी' नहीं, बल्कि वे 'गोडसे प्रेमी' हैं: राहुल गांधी

भोपाल से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को...
भाजपा और आरएसएस 'गॉड-के प्रेमी' नहीं, बल्कि वे 'गोडसे प्रेमी' हैं: राहुल गांधी

भोपाल से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को 'देशभक्त' कहे जाने को लेकर भाजपा पर विपक्षी पार्टियों के हमले जारी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि भाजपा और आरएसएस ''गोडसे प्रेमी'' हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'आखिरकार मुझे पता चल गया। भाजपा और आरएसएस ''गॉड-के प्रेमी'' नहीं, बल्कि वे 'गोडसे प्रेमी' हैं।'

गौरतलब है कि भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ने गुरुवार को एक सवाल के जवाब में कहा था कि महात्मा गांधी के हत्यारे गोडसे सबसे बड़े देशभक्त थे और जो लोग उन्हें आतंकवादी कहते हैं, वे अपने गिरेबां में झांककर देखें। बाद में विवाद बढ़ता देख प्रज्ञा ठाकुर ने अपने बयान पर माफी मांग ली थी।

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान के समर्थन में अनंत हेगड़े और भाजपा सांसद नलिन कटिल की तरफ से कथित ट्वीट हुआ था। बाद में मामला तूल पकड़ता देख दोनों ही नेताओं ने अपने ट्वीट को हटा दिया था।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा के गोडसे पर दिए बयान से भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि साफ है कि पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के इशारे पर यह शहीदों का अपमान किया है। इस पर मोदी को जबाव देना चाहिए और साध्वी प्रज्ञा की उम्मीदवारी तुरंत वापस लेनी चाहिए। वहीं, भाजपा ने प्रज्ञा ठाकुर के बयान से किनारा कर लिया है।

'भाजपाई ही हैं गोडसे के असली वंशज'

इससे पहले एक प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आज फिर बापू की विचारधारा पर प्रहार हुआ है। मोदी और अमित शाह की चहेती प्रज्ञा ठाकुर ने गांधीजी के हत्यारे गोडसे को देशभक्त बता पूरे देश का अपमान किया है। भाजपा बार-बार अपने नेताओं द्वारा गांधी जी की विचारधारा और सोच पर कुत्सित हमले बोल रही है।

सुरजेवाला ने कहा कि आज यह बात साफ हो गई कि भाजपाई ही गोडसे के असली वंशज हैं। वो गोडसे को देशभक्त बताते हैं और हेमंत करकरे जैसे शहीदों को देशद्रोही। यह भारत के गांधीवादी मूल सिद्धांतों का तिरस्कार करने का घिनौना भाजपाई षड़यंत्र है। यह एक अक्षम्य अपराध है। देश के शहीदों और महान विभूतियों का अपमान भाजपाई संस्कृति बन गई है। सुरेजावाला ने कहा कि  मोदी-अमित शाह की चहेती प्रज्ञा ठाकुर ने 26/11 आतंकी हमले के शहीद हेमंत करकरे को देशद्रोही बता, उनके परिवार को श्राप देने का अक्षम्य अपराध किया था। उसकी उम्मीदवारी वापस लेने के बजाय मोदी ने टीवी साक्षात्कारों में प्रज्ञा ठाकुर का बचाव किया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad