Advertisement

भाजपा ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी, चार राज्यों के चुनाव प्रभारी किए नियुक्त

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी दिल्ली, महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी...
भाजपा ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी, चार राज्यों के चुनाव प्रभारी किए नियुक्त

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी दिल्ली, महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा ने इन प्रदेशों के लिए अपने चुनाव प्रभारी और चुनाव सह-प्रभारियों की घोषणा कर दी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रकाश जावड़ेकर को क्रमशः हरियाणा और दिल्ली के लिए पार्टी के चुनाव प्रभारियों के रूप में नियुक्त किया है। उन्होंने भूपेंद्र यादव और ओम प्रकाश माथुर को क्रमशः महाराष्ट्र और झारखंड के चुनाव प्रभारी की कमान सौंपी है। ये नेता चुनाव के समय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

गौरतलब है कि इस साल झारखंड, महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव होने वाले हैं जबकि दिल्ली में अगले साल जनवरी में चुनाव होंगे।

कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री तोमर को जहां हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी बनाया गया है वहीं उत्तर प्रदेश के मंत्री भूपेंद्र सिंह को चुनाव सह-प्रभारी नियुक्त किया है। मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में हरियाणा में भाजपा का शासन है। 2014 में, भाजपा ने पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ विधानसभा चुनाव जीता था। भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 47 सीटें जीतीं।

वहीं दिल्ली में  अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में है। यहां  जावड़ेकर को दो केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और नित्यानंद राय सहायता करेंगे। उनकी नियुक्तियों को पंजाबियों और पूर्वांचलियों को लुभाने के पार्टी के प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है, जिनकी संख्या भी महत्वपूर्ण है।

आप ने पिछले विधानसभा चुनावों में दिल्ली की 70 में से 67 सीटें जीतीं जबकि भाजपा केवल तीन सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी। कांग्रेस एक भी सीट जीतने में नाकाम रही।

वहीं  भाजपा ने भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया। यादव की सहायता के लिए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कर्नाटक के पूर्व विधायक लक्ष्मण सबी को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

2014 में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव हुए थे तब भाजपा ने 288 विधानसभा सीटों में से 122 सीटें जीतीं। शिवसेना ने 63 निर्वाचन क्षेत्रों पर जीत हासिल की और कांग्रेस और राकांपा क्रमश: 42 और 21 सीटें हासिल करने में सफल रहीं।

ओम माथुर झारखंड के मामलों को देखेंगे जहां रघुबर दास मुख्यमंत्री हैं। वह अपना कार्यकाल पूरा करने वाले राज्य के पहले मुख्यमंत्री हैं। झारखंड में, भाजपा पूर्व मंत्री सुदेश महतो के ऑल झारखंड छात्र संघ के साथ गठबंधन में है। शिबू सोरेन की झारखंड मुक्ति मोर्चा कांग्रेस के साथ गठबंधन में हैं। बिहार के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव को माथुर की सहायता के लिए झारखंड का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad