Advertisement

कांग्रेस ने गठबंधन से किया इनकार, अब बातचीत बंद हो चुकी है: अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के साथ...
कांग्रेस ने गठबंधन से किया इनकार, अब बातचीत बंद हो चुकी है: अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की खबरों को खारिज कर दिया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से हमसे कह दिया था कि लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर कोई गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हमारी कांग्रेस के साथ कोई बातचीत नहीं चल रही है।

केजरीवाल ने उन मीडिया रिपोर्टस को गलत बताया, जिनमें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन तय होने की बात कही जा रही थी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारा कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं हो रहा है। इस तरह की खबरें पर विराम लगाते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन तय होने की खबरें कांग्रेस के द्वारा ही फैलाई जा रही हैं। इसमें कोई सच्चाई नहीं है। कांग्रेस ने हमें पहले ही इसपर अपना पक्ष बता दिया है। हम इस संबंध में कांग्रेस के साथ कोई बातचीत नहीं करेंगे। बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस लगातार गठबंधन की खबरों को नकारती रही है।

संजय सिंह ने की शरद पवार से प्रस्ताव पर चर्चा

सूत्रों ने बताया कि आप का कांग्रेस के साथ पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में गठबंधन करने के नये प्रयास शुरू करने के कुछ घंटों बाद केजरीवाल का यह बयान आया है। सूत्रों ने बताया कि आप नेता संजय सिंह ने भी एनसीपी प्रमुख शरद पवार से प्रस्ताव पर चर्चा की।

कांग्रेस का एक धड़ा अभी भी गठबंधन के पक्ष में

बता दें कि कांग्रेस का एक धड़ा अभी भी गठबंधन के पक्ष में है। जहां कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीसी चाको गठबंधन के प्रयास कर रहे हैं। वहीं, दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित इस गठबंधन के खिलाफ मानी जा रही है। इसके साथ ही पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सलाह देते हुए ट्वीट किया कि प्लीज बिहार, झारखंड और दिल्ली में फैसला आज कर लें, पहले ही बहुत देर हो चुकी है।

 

गठबंधन को लेकर असमंजस की स्थिति

 

पहले कहा जा रहा था कि दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ने के सर्वसम्मत फैसले के कुछ दिन बाद कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के प्रयास के तहत यहां आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने पर फिर से विचार कर रही है। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व आप नेताओं से बात कर रहा है और पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल नीत आप के साथ गठबंधन के लिए दिल्ली कांग्रेस के नेताओं को मनाने की कोशिशों में लगे हैं।

चाको ने जताई गठबंधन की उम्मीद

कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने कहा कि 'आप' के साथ गठबंधन की संभावनाओं को लेकर मैं दिल्ली में कांग्रेस नेताओं से विचार-विमर्श कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस कार्य समिति ने देशभर में समान विचारधारा वाले दलों से गठबंधन करने का फैसला किया है।

चाको ने कहा, मैं उम्मीद करता हूं कि दिल्ली कांग्रेस के नेता भी इस भावना को समझेंगे और 'आप' के साथ गठबंधन का फैसला करेंगे। लेकिन अंतिम फैसला जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष लेंगे। मुद्दे पर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित और चाको के विचार अलग-अलग हैं। हालांकि, शीला दीक्षित स्पष्ट कर चुकी हैं कि राजधानी दिल्ली में बाद में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 'आप' के साथ गठबंधन करना पार्टी के हित में नहीं होगा।

राहुल करेंगे अंतिम फैसला

चाको ने कहा कि दिल्ली में कुछ वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को लगता है कि भाजपा को हराना पार्टी की तात्कालिक आवश्यकता है और इसके लिए आप के साथ गठबंधन किया जाना चाहिए। इन नेताओं ने मुद्दे पर राहुल गांधी को लिखा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पार्टी में विचार-विमर्श के बाद जल्द ही अंतिम फैसला करेंगे।

 

चाको ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि दिल्ली के हमारे नेताओं को भी कांग्रेस कार्य समिति की नीति का पालन करना चाहिए। मैं उनसे बात कर रहा हूं और इस बारे में उन्हें मनाने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन अगर वे अब भी गठबंधन का फैसला नहीं करते तो यह उन पर निर्भर है। दिल्ली में लोकसभा चुनाव 12 मई को होगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad