Advertisement

राफेल सौदे पर ट्विटर वार, राहुल गांधी ने की जेपीसी की मांग, शाह ने दिया ये जवाब

राफेल विमान सौदे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग जारी है। इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल...
राफेल सौदे पर ट्विटर वार, राहुल गांधी ने की जेपीसी की मांग, शाह ने दिया ये जवाब

राफेल विमान सौदे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग जारी है। इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और वित्त मंत्री अरुण जेटली के बीच ट्विटर पर भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा वित्त मंत्री अरुण जेटली से मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग ‌किए जाने पर अमित शाह ने जेपीसी का मतलब 'झूठी पार्टी कांग्रेस' बताया है।

जेटली के सवालों पर राहुल का तंज

ट्विटर पर सबसे पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली ने फेसबुक ब्लॉग के जरिए कांग्रेस और राहुल गांधी से 15 सवाल पूछे। जेटली ने यह फेसबुक ब्लॉग ट्विटर पर भी शेयर किया। इसके जवाब में राहुल गाधी ने वित्त मंत्री अरुण जेटली को राफेल विमान सौदे पर चुनौती देते हुए ट्वीट किया, "ग्रेट राफेल रॉबरी पर फिर से देश का ध्यान दिलाने के लिए शुक्रिया जेटली जी। क्यों न इस मामले को निपटाने के लिए संयुक्त संसदीय समिति से जांच करा ली जाए? समस्या यह है कि आपके सुप्रीम लीडर अपने दोस्त को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, और इसलिए थोड़ी परेशानी हो सकती है। पता कर लीजिए, और 24 घंटे में जवाब दीजिए। हम इंतजार कर रहे हैं।"

राहुल के तंज पर जेटली का पलटवार

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस तंज पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सिलसिलेवार तीन ट्वीट कर दिए। जेटली ने ट्वीट किया, "आपने राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में किए गए राफेल सौदे पर मेरे प्रश्नों का उत्तर देने का प्रयास नहीं किया राहुल जी। कोई जवाब नहीं दिया गया, जाहिर है झूठ का सहारा लेने वाले जवाब दे भी नहीं सकते। राहुल जी, सत्य बांधता है, जबकि असत्य बिखर जाता है- यही हश्र राफेल पर आपके झूठ का होगा। आपको याद दिला दूं कि 1987 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने शंकरानंद जी की अध्यक्षता में बोफोर्स सौदे पर जेपीसी का गठन किया था। जिसकी रिपोर्ट में रिश्वतखोरी के आरोप को खत्म कर दिया गया। पूरी दुनिया ने जेपीसी के निष्कर्ष को खारिज किया। असत्यता को तृप्त करने के लिए जेपीसी क्यों?"

जेपीसी- झूठी पार्टी कांग्रेस

वहीं राहुल गांधी के 24 घंटे की चुनौती पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट में लिखा कि 24 घंटे का इंतजार क्यों करना जब आपके पास अपनी जेपीसी- झूठी पार्टी कांग्रेस है। देश को मूर्ख बनाने वाले आपके झूठ स्वप्रमाणित हैं, जब आप दिल्ली, कर्नाटक, रायपुर, हैदराबाद, जयपुर और संसद में राफेल की अलग-अलग कीमत बताते हैं। लेकिन देश की बुद्धिमत्ता आपसे अधिक है। 

कांग्रेस के आरोपों पर जेटली ने दिया था ये जवाब

बता दें कि अरुण जेटली ने कांग्रेस पर हमला करते हुए राहुल गांधी से 15 प्रश्न पूछे थे। जेटली ने अपने ब्लॉग में लिखा था कि कांग्रेस पार्टी बिना किसी आधार के इस सौदे को लेकर सरकार पर आरोप लगा रही है। उन्होंने लिखा कि यूपीए ने इस डील में लगभग एक दशक की देरी की, जिसका सीधा प्रभाव राष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ा। जेटली ने लिखा था कि इस सौदे की कीमत पर राहुल गांधी और कांग्रेस जो भी कह रहे हैं, वह सब झूठ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने 2007 राफेल डील के संबंध में खुद अलग-अलग भाषणों में 7 अलग-अलग कीमतों का जिक्र किया है। साथ ही अरुण जेटली ने यह भी कहा कि यूपीए सरकार ने देश की सुरक्षा के साथ समझौता किया था। अरुण जेटली ने कहा कि राहुल गांधी को राफेल को लेकर कोई समझ नहीं है। पता नहीं उन्हें इसकी कब समझ होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad